cloudburst in Tharali Uttarakhand: (थराली/उत्तरकाशी): उत्तराखंड में मॉनसून सीजन के दौरान प्राकृतिक आपदाओं का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। शुक्रवार देर रात करीब 1 बजे चमोली जिले के थराली क्षेत्र में बादल फटने की घटना ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी। अचानक हुई मूसलाधार बारिश के बाद भारी मलबा थराली कस्बे, राड़ीबगड़, चेपड़ों और सगवाड़ा गांव में घुस गया। इस हादसे में अब तक दो लोगों के लापता होने की सूचना है जबकि दर्जनों घर, दुकानें और वाहन क्षतिग्रस्त हो गए हैं।
चेपड़ों गांव में हुआ सबसे ज्यादा नुकसान
स्थानीय प्रशासन के अनुसार चेपड़ों गांव इस आपदा से सबसे अधिक प्रभावित हुआ है, जहां एक बुजुर्ग व्यक्ति लापता बताया जा रहा है। सगवाड़ा गांव में एक 20 वर्षीय युवती के मलबे में दबे होने की आशंका जताई जा रही है। घटना की जानकारी मिलते ही एसडीआरएफ की टीम गौचर से मौके के लिए रवाना हो गई है और बचाव कार्यों में जुटी है। राड़ीबगड़ में उपजिलाधिकारी आवास, नगर पंचायत अध्यक्ष का निवास और अन्य कई घर भी मलबे की चपेट में आ गए हैं।
स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र बंद
थराली में हुई इस घटना के बाद जिला प्रशासन ने एहतियातन थराली तहसील के सभी स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों को 23 अगस्त को बंद रखने का आदेश जारी किया है। भारी बारिश और सड़कें अवरुद्ध होने के कारण थराली, देवाल और नारायणबगड़ विकासखंडों में भी सभी शिक्षण संस्थानों में अवकाश घोषित किया गया है।
SDRF और BRO की टीमें राहत कार्य में जुटीं
घटनास्थल पर राहत और बचाव कार्य युद्धस्तर पर चल रहा है। SDRF की टीम मौके पर पहुंच चुकी है, जबकि बॉर्डर रोड्स ऑर्गनाइजेशन (BRO) मिंग्गदेरा के पास सड़क खोलने का कार्य कर रही है, ताकि राहत सामग्री पहुंचाई जा सके और आवागमन बहाल हो सके। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है और जोखिम वाले क्षेत्रों को खाली कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
एसडीएम आवास भी मलबे में दबा
थराली के तहसील परिसर राड़ीबगड़ में स्थित एसडीएम आवास भी एक बरसाती गदेरे के उफान में मलबे से दब गया। एसडीएम और उनके परिवार ने समय रहते आवास खाली कर सुरक्षित स्थान पर शरण ली। क्षेत्र में कई वाहन मलबे में दबे पाए गए हैं।
मॉनसून में पहले भी हो चुकी है भारी तबाही
गौरतलब है कि इस मॉनसून सीजन में उत्तराखंड कई बार बादल फटने की घटनाओं से जूझ चुका है। 5 अगस्त को उत्तरकाशी के धराली और हर्षिल क्षेत्रों में बादल फटने से भारी तबाही हुई थी, जिसमें चार लोगों की मौत हो गई थी और कई अन्य लापता हो गए थे। वहीं जुलाई के आखिर में रुद्रप्रयाग के केदारघाटी क्षेत्र में भी बादल फटने से बाढ़ आई थी, जिससे कई घर और वाहन मलबे में दब गए थे।
मुख्यमंत्री धामी ने जताया दुख
घटना पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गहरा दुख जताया है। उन्होंने कहा, “थराली क्षेत्र में देर रात बादल फटने की दुःखद सूचना प्राप्त हुई है। जिला प्रशासन, SDRF और पुलिस राहत व बचाव कार्यों में जुटी हैं। मैं लगातार स्थिति की निगरानी कर रहा हूं और प्रभावित लोगों की सुरक्षा के लिए हर संभव कदम उठाए जा रहे हैं।”
आर्थिक नुकसान का आकलन जारी
फिलहाल नुकसान का पूरा आकलन नहीं हो सका है, लेकिन प्राथमिक जानकारी के अनुसार लाखों रुपये की संपत्ति को नुकसान हुआ है। मकान, दुकानें, वाहन और खेती की जमीनें मलबे की चपेट में आ गई हैं। प्रशासन की टीमें लगातार राहत शिविर स्थापित करने, लोगों को सुरक्षित स्थानों पर ले जाने और आवश्यक सामग्री की आपूर्ति सुनिश्चित करने में लगी हैं।