Himachal Chamba Road Accident (शिमला): हिमाचल प्रदेश के चांबा जिले में गुरुवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में छह लोगों की मौत हो गई। यह हादसा उस वक्त हुआ जब एक कार अनियंत्रित होकर 500 मीटर गहरी खाईं में गिर गई। मृतकों में एक सरकारी स्कूल के एक शिक्षक और उनके परिवार के पांच सदस्य शामिल हैं।
कैसे हुआ हादसा?
प्रारंभिक जांच के अनुसार, पहाड़ से अचानक एक चट्टान गिरने से कार असंतुलित हो गई और खाईं में जा गिरी। हादसे के समय परिवार अपने घर से केवल एक किलोमीटर की दूरी पर था। यह हादसा तिस्सा सब-डिवीजन के चनवास क्षेत्र के पास हुआ। जानकारी के मुताबिक शिक्षक राजेश अपनी पत्नी, दो बच्चों और एक रिश्तेदार के साथ बानीखेत से अपने गांव लौट रहे थे। कार में एक अन्य व्यक्ति को भी लिफ्ट दी गई थी, उसकी भी हादसे में मौत हो गई।
स्थानीय लोगों के साथ हुआ रेस्क्यू ऑपरेशन
चीख-पुकार सुनकर नजदीकी ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और उन्होंने राहत और बचाव अभियान शुरू किया। इसके साथ ही घटना की सूचना स्थानीय पुलिस को भी दी गई। यह हादसा रात करीब 9:30 बजे हुआ। शवों को रेस्क्यू करने में लगभग छह घंटे का समय लग गया।
हादसे में इन लोगों की हुई मौत
राजेश (शिक्षक)
राजेश की पत्नी हंसो (36 वर्ष)
बेटा दीपक (15)
बेटी आरती (17)
रिश्तेदार हेमराज
इसके अलावा एक अज्ञात व्यक्ति की भी मौत हो गई।
पुलिस ने दर्ज किया केस
पुलिस ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की जांच जारी है। यह हादसा पहाड़ी क्षेत्रों में बढ़ती सड़क सुरक्षा की चिंताओं की ओर इशारा करता है, जहां अक्सर लैंडस्लाइड्स और चट्टानें गिरने से जानलेवा घटनाएं होती हैं।