बाराबंकी, उत्तर प्रदेश: सावन के तीसरे सोमवार को यूपी के बाराबंकी से दुखद खबर सामने आ रही है। यहां हैदरगढ़ क्षेत्र स्थित अवसानेश्वर मंदिर में जलाभिषेक के दौरान भगदड़ मच गई, जिसमें दो श्रद्धालुओं की मौत हो गई और 32 से अधिक लोग घायल हो गए। हादसे की वजह बंदरों द्वारा तोड़ा गया बिजली का तार बताया गया है, जिससे टीन शेड में करंट फैलने की अफवाह ने लोगों में दहशत फैला दी।
कइयों की हालत गंभीर
पुलिस के अनुसार भगदड़ में 22 वर्षीय प्रशांत (मुबारकपुरा गांव निवासी) और एक अन्य 30 वर्षीय श्रद्धालु की इलाज के दौरान मौत हो गई। कई घायलों को त्रिवेदीगंज और हैदरगढ़ सीएचसी में भर्ती कराया गया, जिनमें से कुछ की हालत गंभीर बताई गई है।
एक दिन पहले हरिद्वार की भगदड़ में हुई थी 8 श्रद्धालुओं की मौत
यह घटना उस भगदड़ के एक दिन बाद हुई है जिसमें हरिद्वार के मनसा देवी मंदिर में आठ लोगों की जान गई थी। जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी ने बताया कि हादसे के बाद स्थिति अब सामान्य है और पूजा-पाठ पुनः शुरू कर दी गई है। प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और मामले की जांच जारी है।