दिल्ली के 20 से अधिक स्कूलों को बम की धमकी, लगातार चौथे दिन फैली दहशत

(नई दिल्ली): राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में शुक्रवार सुबह फिर से दहशत का माहौल बन गया जब शहर के 20 से अधिक स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिली। यह इस सप्ताह का चौथा दिन है जब स्कूलों को निशाना बनाकर ऐसी धमकियां दी गई हैं। स्थिति को देखते हुए छात्रों को तुरंत स्कूल से बाहर निकाला गया और स्कूल परिसरों में सुरक्षा जांच शुरू कर दी गई।

दिल्ली पुलिस, बम निरोधक दस्ते, अग्निशमन विभाग और डॉग स्क्वायड की टीमें संबंधित स्कूलों में पहुंचीं और पूरे क्षेत्र को सुरक्षित करने का अभियान चलाया गया। जिन स्कूलों को धमकी मिली, उनमें प्रमुख नाम हैं – सेंट थॉमस स्कूल (द्वारका), गुरु नानक पब्लिक स्कूल (रोहिणी), जीडी गोयनका स्कूल, द्वारका इंटरनेशनल स्कूल, रिचमंड स्कूल (पश्चिम विहार) और अभिनव पब्लिक स्कूल (रोहिणी सेक्टर 3)।

लोगों में बढ़ती दहशत

लगातार मिल रही इन धमकियों ने छात्रों, शिक्षकों और अभिभावकों को मानसिक रूप से काफ़ी परेशान कर दिया है। अधिकतर मामलों में धमकियां ईमेल या डिजिटल माध्यम से भेजी गई हैं, जिनकी साइबर फॉरेंसिक जांच दिल्ली पुलिस कर रही है। अब तक सभी धमकियां फर्जी पाई गई हैं, लेकिन स्कूलों की सुरक्षा पर सवाल जरूर खड़े हुए हैं। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि सभी इनपुट्स को गंभीरता से लिया जा रहा है और जांच एजेंसियों के माध्यम से स्रोतों का पता लगाने का प्रयास जारी है।

मॉक ड्रिल ने दी राहत

बता दें कि गुरुवार को दिल्ली की सुरक्षा एजेंसियों ने 10 अलग-अलग स्थानों पर मॉक ड्रिल की थी, ताकि किसी संभावित हमले या आपात स्थिति में तुरंत कार्रवाई की जा सके। अधिकारियों ने बताया कि धमकियों के पीछे का मकसद बच्चों और समाज में आतंक और भ्रम की स्थिति पैदा करना हो सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *