Uttarakhand Rain update: (देहरादून): उत्तराखंड में मानसून का दौर तेज़ होता जा रहा है। मौसम विभाग, देहरादून ने आगामी दिनों में राज्य के कई हिस्सों में भारी से अत्यंत भारी बारिश की चेतावनी दी है। इस चेतावनी के मद्देनज़र राज्य सरकार ने एहतियातन आज सभी स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों को बंद रखने का आदेश जारी किया है।
कई जिलों में रेड अलर्ट, बाकी में ऑरेंज अलर्ट
भारतीय मौसम विभाग (IMD) द्वारा 29 जून को जारी पूर्वानुमान के अनुसार, 30 जून को देहरादून, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, टिहरी, पौड़ी, हरिद्वार, नैनीताल, चंपावत और ऊधमसिंहनगर में रेड अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में बहुत भारी बारिश, तेज़ हवाएं और बिजली गिरने की आशंका है।
वहीं अन्य जिलों में ऑरेंज अलर्ट लागू किया गया है। मौसम विभाग ने चेताया है कि 1 और 2 जुलाई को पूरे राज्य में कहीं-कहीं भारी वर्षा हो सकती है। 3 जुलाई को विशेष रूप से बागेश्वर, रुद्रप्रयाग और नैनीताल जिलों में फिर से बारिश तेज़ हो सकती है।
आपदा प्रबंधन विभाग पूरी तरह सतर्क
उत्तराखंड राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (USDMA) ने सभी जिलों के प्रशासन को अलर्ट पर रखा है। सभी जिलाधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाएं, राहत टीमों को तैनात करें और सभी जरूरी संसाधनों को सक्रिय रखें। मौसम की स्थिति को ध्यान में रखते हुए, हर जिले में तैयारियों को पुख्ता करने पर ज़ोर दिया जा रहा है।
सड़क, पुल और अन्य बुनियादी ढांचे के रखरखाव से संबंधित एजेंसियाँ जैसे PWD, BRO, PMGSY, ADB और CPWD को निर्देश दिए गए हैं कि अगर बारिश से सड़कें बाधित होती हैं तो उन्हें तत्काल खोला जाए।
अधिकारियों को ये निर्देश
सभी ग्राम विकास अधिकारी, पंचायत सचिव, राजस्व उपनिरीक्षक और पुलिस अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में उपस्थित रहेंगे। उन्हें आपदा से संबंधित उपकरण जैसे बरसाती, हेलमेट, टॉर्च, प्राथमिक उपचार सामग्री आदि के साथ ड्यूटी पर रहने को कहा गया है। अगर किसी स्थान पर लोग फंसते हैं, तो प्रशासन द्वारा खाद्य सामग्री, पेयजल और दवाइयां पहुँचाने की तैयारी पूरी कर ली गई है।
स्कूलों में आज अवकाश की घोषणा
सचिव, आपदा प्रबंधन विनोद कुमार सुमन द्वारा जारी आदेश के अनुसार, राज्य के सभी सरकारी, गैर-सरकारी एवं निजी स्कूलों के साथ-साथ सभी आंगनबाड़ी केंद्रों को 30 जून के लिए बंद रखने का निर्णय लिया गया है। आदेश में कहा गया है कि यह निर्णय छात्रों की सुरक्षा और मौसम विभाग द्वारा जारी रेड अलर्ट को देखते हुए लिया गया है।
नागरिकों से अपील
प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे अनावश्यक यात्रा से बचें, नदी-नालों के किनारे न जाएं, और मौसम से संबंधित ताज़ा जानकारी के लिए सरकारी स्रोतों पर ही भरोसा करें। किसी भी आपदा की स्थिति में नागरिक जिला कंट्रोल रूम या 1905 हेल्पलाइन नंबर पर संपर्क करें।