Nirmala Sitharaman Foreign Visit: (नई दिल्ली): भारत की वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण आज सोमवार से स्पेन, पुर्तगाल और ब्राजील की पांच दिवसीय आधिकारिक यात्रा पर रवाना हो रही हैं। इस बहुपक्षीय यात्रा के दौरान वह ब्रिक्स (BRICS) समूह के वित्त मंत्रियों एवं केंद्रीय बैंकों के गवर्नरों की बैठक सहित विभिन्न उच्चस्तरीय अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगी।
इंटरनेशनल बिजनेस फोरम में होंगी मुख्य वक्ता
यात्रा का पहला चरण स्पेन के सेविले शहर में होगा, जहां सीतारमण संयुक्त राष्ट्र द्वारा आयोजित “विकास के लिए वित्तपोषण पर चौथे अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन (FFD4)” में भाग लेंगी। सम्मेलन में वह भारत की ओर से आधिकारिक वक्तव्य प्रस्तुत करेंगी। इसके अतिरिक्त सतत विकास के लिए निजी पूंजी की क्षमता का दोहन” विषय पर आयोजित इंटरनेशनल बिजनेस फोरम लीडरशिप समिट में मुख्य भाषण देंगी। स्पेन प्रवास के दौरान वित्त मंत्री जर्मनी, पेरू और न्यूजीलैंड के वरिष्ठ मंत्रियों के साथ-साथ यूरोपीय निवेश बैंक (EIB) के अध्यक्ष से भी द्विपक्षीय बैठकें करेंगी।
लिस्बन में द्विपक्षीय वार्ता और प्रवासी भारतीयों से मुलाकात
अपनी यात्रा के दूसरे चरण में सीतारमण पुर्तगाल की राजधानी लिस्बन जाएंगी, जहां उनकी पुर्तगाल के वित्त मंत्री के साथ द्विपक्षीय बैठक प्रस्तावित है। इसके अलावा वह प्रमुख निवेशकों और भारतीय प्रवासी समुदाय के सदस्यों से संवाद करेंगी। इस बातचीत का उद्देश्य भारत-पुर्तगाल आर्थिक संबंधों को और मज़बूती देना होगा।
ब्राजील में BRICS और NDB की प्रमुख बैठकें
यात्रा का अंतिम और प्रमुख चरण ब्राजील के रियो डी जेनेरियो में होगा। यहां वित्त मंत्री न्यू डेवलपमेंट बैंक (NDB) की 10वीं वार्षिक बैठक को संबोधित करेंगी। इसके साथ ही वह BRICS के वित्त मंत्रियों और केंद्रीय बैंकों के गवर्नरों की बैठक (FMCBG) में भाग लेंगी। एनडीबी की बैठकों के दौरान निर्मला सीतारमण “ग्लोबल साउथ के लिए एक प्रमुख बहुपक्षीय विकास बैंक का निर्माण” विषय पर आयोजित गवर्नर संगोष्ठी में भी अपना वक्तव्य प्रस्तुत करेंगी।
ब्राजील में करेंगी कई बैठकें
ब्राजील प्रवास के दौरान वह ब्राजील, चीन, रूस और इंडोनेशिया के अपने समकक्षों के साथ द्विपक्षीय मुलाकातें करेंगी। इन बैठकों में वित्तीय सहयोग, बहुपक्षीय निवेश, वैश्विक विकास एजेंडा और ब्रिक्स के भविष्य पर चर्चा होने की संभावना है।
ब्रिक्स क्या है?
ब्रिक्स दुनिया की पांच प्रमुख उभरती अर्थव्यवस्थाओं — ब्राजील, रूस, भारत, चीन और दक्षिण अफ्रीका का एक समूह है, जो वैश्विक स्तर पर विकासशील देशों की आवाज़ को मज़बूती देने के लिए मिलकर काम करता है। एनडीबी, ब्रिक्स द्वारा स्थापित एक बहुपक्षीय विकास बैंक है, जिसका उद्देश्य सदस्य देशों में बुनियादी ढांचे और सतत विकास परियोजनाओं को वित्तपोषित करना है।