हरियाणा के सीएम नायब सिंह सैनी ने अहमदाबाद में रूपाणी परिवार से की मुलाकात, जताया दुख

Ahmadabad plane crash:(अहमदाबाद): गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी की दुखद मृत्यु के बाद पूरे देश में शोक की लहर दौड़ गई है। इसी कड़ी में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी गुरुवार को अहमदाबाद पहुंचे और उन्होंने रूपाणी परिवार से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की।

सीएम सैनी ने रूपाणी के आवास पर जाकर उनके परिजनों को ढांढस बंधाया और ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति की प्रार्थना की। उन्होंने कहा, “अहमदाबाद विमान हादसा बेहद दुखद और दुर्भाग्यपूर्ण घटना है। विजयभाई रूपाणी जैसे अनुभवी और लोकप्रिय नेता का इस तरह असमय जाना पूरे देश के लिए अपूरणीय क्षति है। मैं भगवान से प्रार्थना करता हूं कि उनके परिवार को इस दुख को सहन करने की शक्ति दे।”

विमान हादसे ने देश को झकझोरा

बता दें कि 17 जून को एयर इंडिया की फ्लाइट AI-171 अहमदाबाद से लंदन के लिए रवाना हुई थी। उड़ान भरने के कुछ समय बाद ही विमान में तकनीकी खराबी आ गई और वह हादसे का शिकार हो गया। इस विमान में कुल 242 लोग सवार थे, जिनमें से 241 की मौत हो गई। मृतकों में गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी भी शामिल थे। वह एक निजी दौरे पर लंदन जा रहे थे।

विजय रूपाणी के निधन की खबर जैसे ही सामने आई, बीजेपी समेत पूरे राजनीतिक गलियारों में शोक की लहर दौड़ गई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह सहित तमाम वरिष्ठ नेताओं ने रूपाणी के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया।

विजय रूपाणी एक समर्पित जननेता

विजय रूपाणी गुजरात के लोकप्रिय नेताओं में शुमार थे। उन्होंने 2016 से 2021 तक गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में कार्य किया। रूपाणी अपने साफ-सुथरे राजनीतिक छवि, प्रशासनिक अनुभव और जनसेवा के लिए जाने जाते थे। उनके निधन को न केवल भारतीय जनता पार्टी के लिए, बल्कि गुजरात की जनता के लिए भी एक बड़ी क्षति माना जा रहा है।

राष्ट्रीय स्तर पर शोक की लहर

विमान हादसे और विजय रूपाणी के असामयिक निधन के बाद राष्ट्रीय स्तर पर शोक व्यक्त किया गया। केंद्र सरकार ने इस दुखद घटना की उच्च स्तरीय जांच के आदेश दिए हैं। वहीं, विमानन मंत्रालय ने एयर इंडिया से विस्तृत रिपोर्ट मांगी है।

मुख्यमंत्री सैनी ने व्यक्त की संवेदना

मुख्यमंत्री सैनी ने अपने संदेश में कहा, “रूपाणी जी ने जनसेवा को जीवन का धर्म बनाया। उनका व्यक्तित्व सादगी और कर्तव्यपरायणता का उदाहरण था। वे हमेशा हमारे दिलों में जीवित रहेंगे।” उन्होंने कहा कि इस कठिन समय में हरियाणा की जनता विजय रूपाणी के परिवार के साथ खड़ी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *