कैप्टन सुमित सभरवाल का अंतिम सफर: एअर इंडिया विमान हादसे के बाद मुंबई में होगा अंतिम संस्कार

Ahmedabad plane crash: (मुंबई):अहमदाबाद में 12 जून को हुए भीषण विमान दुर्घटना में जान गंवाने वाले वरिष्ठ पायलट कैप्टन सुमित सभरवाल का मंगलवार को पार्थिव शरीर मुंबई लाया गया। अधिकारियों ने बताया कि उनका शव एक ताबूत में रखकर एयर इंडिया के विशेष विमान से मुंबई हवाई अड्डे पर पहुंचाया गया।

शव को उनके घर, जल वायु विहार, पवई ले जाया गया, जहां उन्हें अंतिम दर्शन के लिए लगभग एक घंटे तक रखा जाएगा। इसके बाद शाम को मुंबई के चकला विद्युत शवदाह गृह में पूरे राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।

8,200 घंटे उड़ान का था अनुभव

56 वर्षीय सुमित सभरवाल मुंबई में अपने बुजुर्ग माता-पिता के साथ रहते थे। वे एअर इंडिया के अनुभवी पायलट थे, जिनके पास 8,200 घंटे का उड़ान अनुभव था। वह 12 जून को अहमदाबाद से लंदन जा रही फ्लाइट AI-171 के कैप्टन थे।

यह विमान टेकऑफ के बाद तकनीकी खराबी के कारण अहमदाबाद के निकट एक मेडिकल कॉलेज परिसर में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस हादसे में विमान में सवार 242 यात्रियों और चालक दल के सदस्यों में से केवल एक यात्री बच पाया। इसके अलावा, हादसे के दौरान मेडिकल कॉलेज परिसर में मौजूद 29 अन्य लोगों की भी मौत हुई।

ब्लैक्स बॉक्स खोलेगा प्लेन हादसे का राज

इस विमान के सह-पायलट फर्स्ट ऑफिसर क्लाइव कुंदर थे, जिनके पास 1,100 घंटे का उड़ान अनुभव था। दोनों पायलटों ने आखिरी तक विमान को बचाने का प्रयास किया। नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) और विमान दुर्घटना जांच एजेंसी (AAIB) ने हादसे की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी में तकनीकी खराबी की आशंका जताई गई है, लेकिन ब्लैक बॉक्स डेटा की विस्तृत जांच के बाद ही हादसे के कारण स्पष्ट होंगे।

देशभर में शोक की लहर

देश भर से वरिष्ठ नेताओं, एयर इंडिया कर्मचारी और आम नागरिक कैप्टन सभरवाल को श्रद्धांजलि दे रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने उनके निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है।एयर इंडिया ने कहा है कि कैप्टन सभरवाल एक समर्पित और बहादुर पायलट थे, जिन्होंने अपने जीवन को यात्रियों की सुरक्षा के लिए समर्पित किया। उनका निधन एक अपूरणीय क्षति है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *