Ahmedabad plane crash: गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी का निधन 12 जून 2025 को हुए एयर इंडिया विमान हादसे में हो गया। अहमदाबाद से लंदन जा रही फ्लाइट AI171 उड़ान भरने के कुछ ही समय बाद दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी, जिसमें 241 लोगों की जान चली गई। 12 जून को हुए विमान हादसे में डीएनए परीक्षण के बाद अब इस दुखद घटना की पुष्टि हो चुकी है कि विजय रूपाणी भी इस हादसे में शामिल थे।
कल सुबह 11:10 बजे उनका डीएनए परीक्षण पूरा हुआ और इसके बाद उनके पार्थिव शरीर की पहचान संभव हो पाई। यह खबर सामने आने के बाद न सिर्फ रूपाणी परिवार, बल्कि पूरे गुजरात में शोक की लहर दौड़ गई है।
आज राजकोट में होगा अंतिम संस्कार
आज, 16 जून को विजय रूपाणी का पार्थिव शरीर चार्टर्ड फ्लाइट से राजकोट लाया जाएगा। सुबह 11:30 से 12:30 के बीच उनके शरीर के पहुंचने की संभावना है। वहां पूरे राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। आम नागरिकों और पार्टी कार्यकर्ताओं के अंतिम दर्शन के लिए बड़ी संख्या में लोगों के आने की संभावना को देखते हुए प्रशासन ने विशेष यातायात और पार्किंग की व्यवस्था की है।
एक दिन का राजकीय शोक, झुका रहेगा तिरंगा
गुजरात सरकार ने विजय रूपाणी के सम्मान में पूरे राज्य में एक दिन का राजकीय शोक घोषित किया है। इस दौरान सभी सरकारी भवनों पर राष्ट्रीय ध्वज आधा झुका रहेगा और कोई भी सरकारी सांस्कृतिक या मनोरंजन कार्यक्रम आयोजित नहीं किया जाएगा।
राजनीतिक जीवन की झलक
विजय रूपाणी ने 2016 से 2021 तक गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में कार्य किया। वह अपने शांत, सादगीपूर्ण और समर्पित राजनीतिक जीवन के लिए जाने जाते थे। हाल ही में वे भारतीय जनता पार्टी के पंजाब-चंडीगढ़ प्रभारी के रूप में काम कर रहे थे। संगठन और प्रशासन में उनकी गहरी समझ और जनता से जुड़ाव उन्हें एक जनप्रिय नेता बनाता था।
पूरा देश है शोक में
प्रधानमंत्री, गृह मंत्री, पार्टी के वरिष्ठ नेता, और विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्री समेत देशभर से संवेदना संदेश आ रहे हैं। उनके निधन को राजनीति के एक युग का अंत बताया जा रहा है।विजय रूपाणी को हमारी भावभीनी श्रद्धांजलि उनका जीवन, सेवा और समर्पण देशवासियों के लिए प्रेरणा बना रहेगा।