यूक्रेन का रूस पर अब तक का सबसे बड़ा ड्रोन हमला, दो एयरबेस तबाह, 40 से ज्यादा सैन्य विमान नष्ट

रूस-यूक्रेन युद्ध

Russia Ukraine war (मॉस्को): रूस-यूक्रेन युद्ध में तनाव एक बार फिर चरम पर पहुंच गया है। यूक्रेन ने रूस के दो प्रमुख एयरबेस ओलेन्या और बेलाया पर भीषण ड्रोन हमले किए हैं, जिन्हें अब तक का सबसे बड़ा और घातक हमला माना जा रहा है। यूक्रेनी मीडिया का दावा है कि इस ऑपरेशन में 40 से अधिक रूसी युद्धक विमान, जिनमें A-50 AWACS, Tu-95 और Tu-22M3 बमवर्षक शामिल हैं, नष्ट हो गए।

ऑपरेशन “वेब”: यूक्रेन की नई सैन्य रणनीति
यूक्रेनी सुरक्षा एजेंसी SBU के मुताबिक, इस हमले को “ऑपरेशन वेब” नाम दिया गया है। इसका उद्देश्य रूसी वायुशक्ति को पंगु बनाना था। ईरान ऑब्जर्वर द्वारा साझा किए गए एक वीडियो में रूसी विमानों को आग की लपटों में ध्वस्त होते हुए देखा जा सकता है।

साइबेरिया में पहला हमला, इरकुत्स्क के गवर्नर ने की पुष्टि
रूस के इरकुत्स्क क्षेत्र के गवर्नर ने साइबेरिया में हुए हमले की पुष्टि करते हुए बताया कि ड्रोन ने बेलाया एयरबेस की सैन्य इकाई को निशाना बनाया। उन्होंने कहा कि सैन्य और नागरिक आपात बल स्थिति को नियंत्रण में लाने में जुटे हैं।

तीन लोगों की मौत, एयरबेस पर मची अफरातफरी
स्थानीय मीडिया के अनुसार, हमले में कम से कम 3 लोगों के मारे जाने की आशंका है। घटनास्थल से भारी धुएं के गुबार और अफरातफरी की तस्वीरें सामने आई हैं। यूक्रेनी मीडिया इसे रूस के भीतर गहराई तक की गई रणनीतिक जवाबी कार्रवाई बता रहा है।

रूस के लिए बड़ा झटका, पुतिन ने बुलाई आपात बैठक
हमले के बाद रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने आपातकालीन सुरक्षा बैठक बुलाई है। विशेषज्ञों का मानना है कि रूस जल्द ही यूक्रेन के खिलाफ जवाबी हमला कर सकता है। यह हमला ऐसे वक्त हुआ है जब रूस ने हाल ही में 50,000 सैनिकों की सीमा पार तैनाती का निर्देश दिया था।
रूस-यूक्रेन युद्ध की पृष्ठभूमि
रूस और यूक्रेन के बीच युद्ध की शुरुआत 24 फरवरी 2022 को हुई थी, जब रूस ने यूक्रेन पर पूर्ण सैन्य आक्रमण किया। हालांकि इसका बीज 2014 में क्रीमिया पर कब्ज़े से पड़ा था। अब यह संघर्ष हाई-टेक ड्रोन युद्ध और गहराई तक की गई हमलों में तब्दील हो चुका है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *