Jharkhand Violence: झारखंड के हजारीबाग में महाशिवरात्रि के मौके पर दो समुदाय में बवाल हो गया। दोनों समुदाय के बीच हिंसक झड़प देखने को मिली। कई जगह पर तोड़फोड़ और आगजनी देखने को मिली है। पूरा मामला इचाक प्रखंड अंतर्गत डुमरौन गांव का है। इस उपद्रव में कई लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।
पुलिस के अनुसार, उपद्रवियों ने दोपहिया और तिपहिया वाहनों में भी तोड़फोड़ कर दी। साथ ही तीन बाइक और एक कार को आग के हवाले कर दिया। हालात तनावपूर्ण हो गए थे, लेकिन पुलिस ने बाद में स्थिति को पर काबू पा लिया। पूरा विवाद झंडा और लाउडस्पीकर लगाने से जुड़ा है।
बताया जा रहा है कि, यहां एक समुदाय के लोग महाशिवरात्रि के मौके पर झंडा और लाउडस्पीकर लगाने की कोशिश कर रहे थे। इस दौरान ही दो समुदाय आपस में भिड़ गए। दोनों तरफ से पत्थरबाजी हुई। इस झड़प के दौरान दो बाइक, एक गाड़ी, एक टेंपो और कई दूसरी गाड़ियां में आग लगा दी गई।
इतना ही नहीं, उपद्रवियों ने एक दुकान को भी आग के हवाले कर दिया। झड़प में कुछ लोगों को चोटें भी लगी है, जिनका हजारीबाग सदर अस्पताल में इलाज करवाया जा रहा है। फिलहाल, हजारीबाग के पुलिस अधीक्षक ने बड़ी तादाद में पुलिस बल तैनात कर दिया है। फिलहाल, इलाके में स्थिति को नियंत्रित कर लिया।
इलाके में शांति स्थापित- पुलिस अधीक्षक
पुलिस अधीक्षक श्रुति अग्रवाल ने कहा कि, लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की गई है। उन्होंने कहा कि फिलहाल इलाके में शांति दोबारा से स्थापित कर ली गई है। पुलिस ने आगे कहा कि लोगों को त्योहार अच्छे तरीके और प्रेम भाव से मनाना चाहिए। सभी को मिलकर काम करना चाहिए ताकि लोगों को बिना मतलब किसी तरह की परेशानी न झेलना पड़े।