CM योगी का सपा-कांग्रेस पर तंज, बोले- चुनाव से पहले ही फेल हो गई ‘दो लड़कों की जोड़ी

Yogi Adityanath,

उत्तर प्रदेश में सपा और कांग्रेस के बीच सीटों को लेकर जारी खींचतान पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि दोनों दलों की ‘दो लड़कों’ वाली जोड़ी इस बार चुनाव परिणाम आने से पहले ही विफल हो गई है। योगी ने गठबंधन में चल रही बातचीत और प्रत्याशियों की घोषणा के बीच विरोधाभास को लेकर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि दोनों पार्टियां सीटों पर चर्चा कर रही हैं, लेकिन साथ ही उम्मीदवारों के नाम भी सामने ला रही हैं, जो गठबंधन के आपसी सम्मान पर सवाल खड़े करता है।

लखनऊ में बुधवार को एक सम्मेलन के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि सपा और कांग्रेस के बीच एक-दूसरे को पछाड़ने की राजनीति चल रही है। उन्होंने कांग्रेस की स्थिति पर टिप्पणी करते हुए कहा कि देश की सबसे पुरानी राजनीतिक पार्टी का हाल उसकी नकारात्मक सोच का नतीजा है। योगी के मुताबिक, जनता लगातार इन दलों को खारिज कर रही है।

सीट बंटवारे को लेकर दोनों दलों पर निशाना

सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि राजनीतिक गठबंधन केवल चुनाव साथ लड़ने तक सीमित नहीं होते, बल्कि उनमें आपसी समझ, नियम और शिष्टाचार भी जरूरी होता है। सपा और कांग्रेस के बीच जिस तरह सीटों को लेकर बातचीत के साथ प्रत्याशियों की घोषणा हो रही है, उससे दोनों दलों के तालमेल पर सवाल उठ रहे हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि एक तरफ दोनों दलों के बीच अपमान की स्थिति बन रही है, वहीं दूसरी तरफ उसे सामान्य बताने की कोशिश की जा रही है।

NDA में सभी सहयोगी मिलकर लड़ेंगे चुनाव

एनडीए में सीटों के बंटवारे और सहयोगी दलों के बीच मतभेदों की चर्चाओं पर मुख्यमंत्री ने कहा कि निषाद पार्टी और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी समेत सभी सहयोगी दल गठबंधन का हिस्सा हैं। उन्होंने कहा कि NDA में किसी तरह का विवाद नहीं है और सभी पार्टियां मिलकर चुनाव लड़ेंगी। योगी ने विपक्ष पर गठबंधन की एकजुटता को लेकर भ्रम फैलाने का आरोप भी लगाया।

अखिलेश के अयोध्या दौरे पर भी टिप्पणी

अखिलेश यादव के अयोध्या दौरे और समाजवादी पार्टी की सनातन धर्म को लेकर बदली राजनीतिक भाषा पर सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि दो नावों पर सवार होना हमेशा जोखिम भरा होता है। उन्होंने अयोध्या जाने को अच्छी बात बताते हुए कहा कि सपा को रामभक्तों से माफी मांगनी चाहिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि यदि 90 के दशक में ही समाजवादी पार्टी को सद्बुद्धि आ गई होती, तो रामभक्तों पर गोली चलाने की नौबत नहीं आती।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *