Agniveer Scheme Extension: केंद्र सरकार अग्निपथ योजना में बदलाव की तैयारी कर रही है। इसके तहत चार साल की सेवा पूरी करने वाले अग्निवीरों को दो साल का अतिरिक्त सेवा विस्तार देने पर विचार किया जा रहा है। रक्षा सचिव राजेश कुमार सिंह ने इस संबंध में अहम जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि अतिरिक्त दो साल के दौरान अग्निवीर सेना, नौसेना और वायुसेना में अपनी सेवाएं जारी रख सकेंगे। इसके साथ ही सरकार इस अवधि में उन्हें शादी करने की अनुमति देने के प्रस्ताव पर भी विचार कर रही है।
रक्षा सचिव के मुताबिक, अग्निपथ योजना की शुरुआत के समय ही तय किया गया था कि चार साल बाद इसकी समीक्षा की जाएगी। इसी प्रक्रिया के तहत अग्निवीरों के प्रदर्शन का आकलन किया गया, जिसमें उनका कामकाज काफी अच्छा पाया गया है। विभिन्न सैन्य अभियानों में भी अग्निवीरों के प्रदर्शन को सकारात्मक माना गया। इसी को देखते हुए उनके सेवा कार्यकाल में दो साल की बढ़ोतरी का प्रस्ताव सामने आया है।
नियमित सेना में शामिल होने का भी मिलेगा मौका
राजेश कुमार सिंह ने बताया कि दो साल का अतिरिक्त कार्यकाल पूरा होने के बाद नियमित सैन्य सेवा में शामिल होने के इच्छुक अग्निवीरों को अवसर दिया जा सकता है। इसके लिए उन्हें निर्धारित पात्रता और सैन्य अभियानों से जुड़े मानकों को पूरा करना होगा। यानी अतिरिक्त सेवा अवधि के बाद भी अग्निवीरों के पास अपने प्रदर्शन और योग्यता के आधार पर नियमित सेना का हिस्सा बनने का मौका रहेगा।
अग्निवीरों और सेना दोनों के लिए फायदेमंद
रक्षा सचिव ने इस बदलाव को अग्निवीरों और सेना, दोनों के लिए फायदेमंद बताया। उनके अनुसार, दो साल का अतिरिक्त समय मिलने से अग्निवीरों को अपनी क्षमता साबित करने का एक और अवसर मिलेगा। वहीं सेना को भी बेहतर प्रदर्शन करने वाले प्रशिक्षित जवानों को अपने साथ बनाए रखने में मदद मिलेगी। उन्होंने इस प्रस्ताव को अग्निवीरों के लिए दिवाली का तोहफा बताया।
सीडीएस ने भी की थी दो साल के विस्तार की घोषणा
इससे पहले बुधवार को सीडीएस जनरल एन.एस. राजा सुब्रमणि ने भी अग्निपथ योजना में बदलाव को लेकर जानकारी दी थी। उन्होंने कहा था कि चार साल का कार्यकाल पूरा करने वाले अग्निवीरों को दो साल का अतिरिक्त सेवा विस्तार दिया जाएगा। इसके बाद पात्रता मानदंडों को पूरा करने और अपनी सहमति देने वाले अग्निवीरों को नियमित सेवा में भर्ती का प्रस्ताव दिया जाएगा। सरकार के इन प्रस्तावित बदलावों से अग्निवीरों को सेना में लंबे समय तक सेवा देने का अवसर मिल सकता है।