दिल्ली-NCR में मौसम ने ली करवट, धूल भरी आंधी के बाद बारिश और ओले गिरने का अलर्ट

नई दिल्ली: दिल्ली-एनसीआर में मौसम का मिजाज बदल गया है। दिल्ली और नोएडा समेत आसपास के कई इलाकों में धूल भरी आंधी चल रही है। आसमान में काले बादल छाए हुए हैं और बारिश की संभावना बनी हुई है। मौसम विभाग ने दिल्ली-एनसीआर में बारिश, आंधी-तूफान और बिजली कड़कने का पूर्वानुमान जताया है। कुछ इलाकों में ओले गिरने की भी आशंका है। मौसम में बदलाव के साथ राजधानी के तापमान में भी गिरावट देखने को मिल रही है।

गुरुवार को दिल्ली का न्यूनतम तापमान 23.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह इस मौसम के औसत तापमान से 3.7 डिग्री अधिक रहा। मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली में मध्यम स्तर की बारिश होने की संभावना है। आने वाले घंटों में तेज हवाओं और गरज-चमक के साथ मौसम का असर और बढ़ सकता है।

दिल्ली-NCR में 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलेंगी हवाएं

मौसम विभाग ने दिल्ली और आसपास के शहरों में हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान जताया है। दोपहर और शाम के समय आंधी-तूफान के साथ बिजली कड़क सकती है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है। रात में भी बारिश और आंधी-तूफान का एक और दौर देखने को मिल सकता है। कुछ इलाकों में हवा की रफ्तार 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान है। इसके साथ ही कई स्थानों पर ओले गिरने की आशंका भी जताई गई है।

दरअसल, उत्तरी भारत में एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है। इसके प्रभाव से कई राज्यों में व्यापक बारिश, तेज आंधी-तूफान और कुछ जगहों पर ओलावृष्टि होने की संभावना है। दिल्ली-एनसीआर में भी इसी के असर से मौसम में बदलाव देखा जा रहा है।

शुक्रवार को कैसा रहेगा दिल्ली का मौसम?

दिल्ली में शुक्रवार को भी आसमान में बादल छाए रहने का अनुमान है। सुबह से दोपहर तक कई इलाकों में बहुत हल्की से हल्की बारिश हो सकती है। इस दौरान गरज-चमक और बिजली कड़कने की संभावना भी बनी रहेगी। शुक्रवार को राजधानी में अधिकतम तापमान 28 से 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 17 से 19 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। दिल्ली के ज्यादातर इलाकों में न्यूनतम तापमान सामान्य से कम रह सकता है।

दिल्ली में AQI 165 दर्ज

मौसम में बदलाव के बीच दिल्ली में प्रदूषण का स्तर मध्यम श्रेणी में दर्ज किया गया है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के आंकड़ों के अनुसार, सुबह नौ बजे राजधानी का वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 165 रहा। आने वाले दिनों में दिवाली से पहले दिल्ली में प्रदूषण का स्तर धीरे-धीरे बढ़ने की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *