दिल्ली में अगले आदेश तक 12 मेट्रो स्टेशन बंद, ट्रैफिक एडवाइजरी जारी

दिल्ली में 2 अक्टूबर को सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को देखते हुए कई बड़े कदम उठाए गए हैं। दिल्ली मेट्रो के 12 स्टेशन अगले आदेश तक बंद कर दिए गए हैं। वहीं नई दिल्ली जिले में धारा 163 के तहत निषेधाज्ञा लागू की गई है। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने भी जंतर-मंतर और आसपास के इलाकों के लिए यातायात सलाह जारी करते हुए लोगों से प्रभावित मार्गों से बचने और यात्रा के लिए अतिरिक्त समय लेकर चलने की अपील की है।

ये 12 मेट्रो स्टेशन रहेंगे बंद

दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (DMRC) ने बताया कि अगले आदेश तक इन 12 स्टेशनों पर प्रवेश और निकास बंद रहेगा। इनमें जनपथ, पटेल चौक, सेंट्रल सेक्रेटेरिएट, राजीव चौक, सेवा तीर्थ, मंडी हाउस, बाराखंबा, लोक कल्याण मार्ग, INA, चावड़ी बाजार, रामकृष्ण आश्रम मार्ग और नई दिल्ली शामिल हैं। हालांकि राजीव चौक, मंडी हाउस, नई दिल्ली और सेंट्रल सेक्रेटेरिएट मेट्रो स्टेशनों पर यात्रियों के लिए इंटरचेंज की सुविधा उपलब्ध रहेगी।

नई दिल्ली जिले में धारा 163 लागू

दिल्ली पुलिस ने जन-सुरक्षा, कानून-व्यवस्था बनाए रखने और यातायात को सुचारू रखने के लिए नई दिल्ली जिले में धारा 163 के तहत निषेधाज्ञा लागू की है। बिना पूर्व लिखित अनुमति के सार्वजनिक बैठक या पांच या उससे अधिक लोगों के एकत्र होने पर रोक रहेगी। इसके अलावा जुलूस, प्रदर्शन, पिकेटिंग, धरना, नारेबाजी और भाषण देने जैसी गतिविधियां भी प्रतिबंधित रहेंगी। हथियार, बैनर, पोस्टर, लाठी, तलवार, डंडे, पत्थर या इस तरह की अन्य चीजें लेकर चलने पर भी रोक लगाई गई है।

दिल्ली पुलिस ने नागरिकों और आगंतुकों से आदेश का पालन करने तथा किसी भी अनधिकृत जमावड़े या प्रतिबंधित गतिविधि से बचने की अपील की है। आदेश का उल्लंघन करने पर भारतीय न्याय संहिता, 2023 की धारा 223 और अन्य लागू प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जाएगी।

जंतर-मंतर के आसपास ट्रैफिक डायवर्जन

दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने 2 अक्टूबर को जंतर-मंतर और आसपास के इलाकों में यातायात व्यवस्था को लेकर भी सलाह जारी की है। पुलिस के मुताबिक, कनॉट प्लेस, पटेल चौक, जीपीओ, टॉल्स्टॉय मार्ग, जंतर-मंतर रोड, पार्लियामेंट स्ट्रीट और आसपास की सड़कों पर यातायात का मार्ग बदला या नियंत्रित किया जा सकता है।

यात्रियों को इन प्रभावित रास्तों पर जाने से बचने और अपनी यात्रा की योजना पहले से बनाने की सलाह दी गई है। पुलिस ने लोगों से अतिरिक्त समय लेकर निकलने और जहां संभव हो वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करने को कहा है।

वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने, ट्रैफिक कर्मियों के निर्देश मानने और धैर्य बनाए रखने की अपील की गई है। भीड़ से बचने के लिए मार्ग परिवर्तन के संकेतों और यातायात संबंधी निर्देशों का पालन करने को भी कहा गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *