नई दिल्ली के कमानी ऑडिटोरियम में ‘हमारी संस्कृति हमारा अंदाज’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता बुजुर्गों के बीच पहुंचीं और उनके साथ समय बिताया। बुजुर्गों की खुशियां देखकर मुख्यमंत्री ने कहा कि इतने लोगों को हंसते-खेलते और खुश देखकर उन्हें बहुत अच्छा लगा। उन्होंने वरिष्ठ नागरिक केसरी क्लब की डायरेक्टर किरण चोपड़ा की तारीफ करते हुए कहा कि वह बुजुर्गों को खुश रखने का काम कर रही हैं और उनका आशीर्वाद उनके साथ है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सामाजिक कार्यों में इतने सारे हंसते-खेलते चेहरे देखने को कम मिलते हैं। उन्होंने कार्यक्रम में मौजूद वरिष्ठ नागरिकों की प्रस्तुतियां भी देखीं और उनके उत्साह की सराहना की।
बुजुर्गों के इलाज और सहायता के लिए योजनाएं
रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली सरकार बुजुर्गों के लिए कई योजनाओं पर काम कर रही है। उन्होंने बताया कि 70 वर्ष और उससे अधिक उम्र के लोगों के लिए आयुष्मान वय वंदना योजना लागू की गई है। इसके तहत पात्र बुजुर्गों को 10 लाख रुपये तक के इलाज की सुविधा मिल सकती है।
उन्होंने ‘वयो आनंद’ योजना का भी जिक्र किया। मुख्यमंत्री के मुताबिक, इस योजना के तहत बुजुर्गों के संगठनों को हर महीने 20 हजार रुपये की सहायता दी जाती है। उन्होंने यह भी बताया कि स्किल सेंटर के तहत बुजुर्गों की सेवा से जुड़ा नया पाठ्यक्रम शुरू किया जा रहा है।
जरूरत पड़ी तो वृद्धाश्रम बनाने की बात
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि जरूरत पड़ने पर दिल्ली सरकार वृद्धाश्रम भी बना सकती है। उन्होंने कहा कि यदि कोई संस्था या व्यक्ति वृद्धाश्रम चलाने के लिए आगे आता है तो सरकार इस दिशा में काम कर सकती है। इस दौरान उन्होंने किरण चोपड़ा की ओर इशारा करते हुए कहा कि उनसे अच्छा वृद्धाश्रम चलाने वाला और कौन हो सकता है।
कार्यक्रम में वरिष्ठ नागरिक केसरी क्लब की करीब 22 साल की यात्रा के बारे में भी जानकारी दी गई। क्लब की स्थापना 1 अक्टूबर 2004 को पंजाब केसरी समूह की डायरेक्टर किरण चोपड़ा ने की थी। क्लब देश के कई राज्यों में बुजुर्गों की सेवा और उन्हें सम्मानजनक जीवन जीने में मदद करने का काम कर रहा है।
80-90 साल के बुजुर्गों ने किया डांस
कार्यक्रम की शुरुआत गणेश वंदना से हुई। इसके बाद बुजुर्गों ने अलग-अलग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। 80 और 90 साल की उम्र के बुजुर्ग कपल ने डांस कर सभी का ध्यान खींचा। 80 साल की ‘डांसिंग दादी’ ने ‘पिया तोसे नैना लागे रे’ गाने पर प्रस्तुति दी, जिसे दर्शकों ने खूब पसंद किया।
कार्यक्रम में बुजुर्गों की सेवा और देखभाल करने वालों को भी सम्मानित किया गया। बेस्ट सन, बेस्ट ब्रांच, बेस्ट फादर-इन-लॉ और बेस्ट दादी जैसे पुरस्कार दिए गए। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बेस्ट ब्रांच और बेस्ट दादी के पुरस्कार प्रदान किए। दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री मदनलाल खुराना की पत्नी राज खुराना को भी बेस्ट दादी का पुरस्कार मिला। कार्यक्रम में संगीता जेटली, बांसुरी स्वराज, आशीष सूद और सोनल मान सिंह समेत कई हस्तियां मौजूद रहीं। संगीता जेटली ने बेस्ट सन का पुरस्कार दिया।