President Putin arrives in India: रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन 18वें BRICS समिट में शामिल होने के लिए शुक्रवार तड़के दिल्ली पहुंचे। उनका विमान करीब तीन बजे पालम एयरफोर्स स्टेशन पहुंचा। एयरपोर्ट पर विदेश राज्य मंत्री कीर्ति वर्धन सिंह ने उनका स्वागत किया। पुतिन के भारत दौरे के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ उनकी अहम द्विपक्षीय बैठक होगी। दोनों नेताओं के बीच डिफेंस, क्रूड ऑयल, लोकल करेंसी में कारोबार समेत भारत-रूस संबंधों से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा होगी।
एयरपोर्ट पर राष्ट्रपति पुतिन का हुआ स्वागत
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने X पर पोस्ट कर बताया कि विदेश राज्य मंत्री कीर्ति वर्धन सिंह ने दिल्ली एयरपोर्ट पर रूसी राष्ट्रपति का स्वागत किया। उन्होंने भारत और रूस के बीच लंबे समय से चले आ रहे संबंधों और दोनों देशों की ‘खास और विशेषाधिकार प्राप्त रणनीतिक साझेदारी’ का भी उल्लेख किया।
इन बड़े मुद्दों पर होगी बातचीत
पीएम मोदी और पुतिन की बैठक में रक्षा सहयोग अहम मुद्दा रहेगा। इसमें सुखोई-57 की संभावित डील पर चर्चा हो सकती है। फिफ्थ जेनरेशन के 75 फाइटर जेट्स की डील के साथ S-400 मिसाइल डिफेंस सिस्टम की डिलीवरी और न्यूक्लियर सबमरीन से जुड़े रक्षा सहयोग की भी समीक्षा की जा सकती है।
दूसरा बड़ा मुद्दा क्रूड ऑयल होगा। भारत अपनी जरूरत के हिसाब से तय करेगा कि उसे कहां से कितना तेल खरीदना है। होर्मूज स्ट्रेट के मौजूदा हालात को देखते हुए भारत क्रूड ऑयल की सप्लाई सुरक्षित करना चाहता है। ऐसे में रूस के साथ लॉन्ग टर्म डील पर भी बातचीत हो सकती है।
तीसरे मुद्दे के तौर पर दोनों देश स्थानीय मुद्राओं में कारोबार बढ़ाने पर चर्चा करेंगे। क्रेमलिन के मुताबिक, डॉलर पर निर्भरता कम करने और रुपये-रूबल में भुगतान को बढ़ावा देने पर बातचीत होगी।
BRICS बिजनेस फोरम को संबोधित करेंगे पुतिन
क्रेमलिन के मुताबिक, पुतिन 11 सितंबर को सालाना BRICS बिजनेस फोरम के पूर्ण सत्र को संबोधित करेंगे। इसके बाद प्रधानमंत्री मोदी के साथ उनकी द्विपक्षीय बैठक होगी। दोनों नेता INNOPROM प्रदर्शनी का भी दौरा करेंगे, जिसे भारत और रूस के उद्योग एवं व्यापार मंत्रालयों ने आयोजित किया है।
पुतिन के दौरे से भारत-रूस रणनीतिक साझेदारी को और गति मिलने की उम्मीद है। BRICS के तहत व्यापार, डिजिटल तकनीक, वित्त, ऊर्जा सुरक्षा, वैश्विक शासन सुधार, सीमा-पार भुगतान, राष्ट्रीय मुद्राओं के इस्तेमाल, MSME विकास, डिजिटल व्यापार और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसे मुद्दों पर भी चर्चा होगी।
पुतिन के दिल्ली दौरे को देखते हुए चाणक्यपुरी स्थित होटल में कई स्तर की सुरक्षा व्यवस्था की गई है। दिल्ली पुलिस के एक DCP और दो ACP को 24 घंटे तैनात किया गया है। मोदी-पुतिन की मुलाकात ऐसे समय हो रही है, जब BRICS सम्मेलन में चीन के राष्ट्रपति समेत कई देशों के नेता मौजूद रहेंगे।