मनोहर लाल ने किया ‘स्वच्छता ही सेवा 2026’अभियान के तैयारियों की समीक्षा, दिया ये अहम निर्देश

Swachhata Hi Seva 2026 campaign: केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के नगर विकास मंत्रियों एवं वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर ‘स्वच्छता ही सेवा 2026’ अभियान की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में उन्होंने 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलने वाले माहव्यापी अभियान को ‘सेवा संकल्प’ और जनभागीदारी की भावना के साथ जनआंदोलन बनाने पर जोर दिया।

मनोहर लाल ने कहा कि अभियान के तहत 1 अक्टूबर को ‘एक दिन, एक घंटा, एक साथ’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। उन्होंने इस कार्यक्रम के लिए व्यापक श्रमदान की अग्रिम और सुव्यवस्थित तैयारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया। साथ ही उन्होंने कहा कि स्वच्छता के प्रयास केवल एक दिन तक सीमित नहीं रहने चाहिए, बल्कि इसे लगातार जारी रखना जरूरी है।

एक महीने तक चलेगा स्वच्छता अभियान

बैठक के दौरान मनोहर लाल ने राज्यों से अपील की कि 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलने वाले ‘स्वच्छता ही सेवा 2026’ अभियान को अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी के साथ आगे बढ़ाया जाए। उन्होंने अभियान को केवल सरकारी स्तर तक सीमित रखने के बजाय इसे जनआंदोलन का रूप देने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि स्वच्छता के प्रति लोगों की सक्रिय भागीदारी से ही अभियान का स्थायी प्रभाव धरातल पर दिखाई देगा। इसके लिए सभी स्तरों पर अभियान की तैयारियों को व्यवस्थित तरीके से पूरा करने की आवश्यकता है।

स्वच्छता को व्यवहार का हिस्सा बनाने पर जोर

मनोहर लाल ने लोगों से ‘स्वच्छता ही सेवा’ के संकल्प से जुड़ने और अपने आसपास के क्षेत्र को स्वच्छ रखने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि व्यापक जनभागीदारी से स्वच्छता का स्थायी प्रभाव दिखाई देगा और यह लोगों के स्वभाव, संस्कार एवं व्यवहार का अभिन्न हिस्सा बनेगी। बैठक में अभियान से जुड़े कार्यक्रमों की तैयारियों और उन्हें प्रभावी ढंग से संचालित करने को लेकर राज्यों तथा केंद्रशासित प्रदेशों के स्तर पर आवश्यक प्रयासों पर जोर दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *