वाराणसी (उत्तर प्रदेश)। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने शनिवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुलेट ट्रेन नेटवर्क के ‘नॉर्दर्न कॉरिडोर’ को मंजूरी दे दी है। यह कॉरिडोर दिल्ली से शुरू होकर आगरा, कानपुर, लखनऊ और अयोध्या को जोड़ते हुए वाराणसी तथा पटना से होते हुए गुवाहाटी तक जाएगा।
रेल मंत्री ने बताया कि इस नॉर्दर्न कॉरिडोर के पूरा होने के बाद दिल्ली से आगरा मात्र 59 मिनट में पहुंचा जा सकेगा। दिल्ली से कानपुर का सफर एक घंटा 45 मिनट, दिल्ली से लखनऊ दो घंटे 12 मिनट और दिल्ली से वाराणसी तीन घंटे 33 मिनट में पूरा हो जाएगा। प्रयागराज तक की दूरी भी बहुत कम समय में तय की जा सकेगी।
सभी के लिए है बुलेट ट्रेन
अश्विनी वैष्णव ने विपक्ष के आरोपों का जवाब देते हुए कहा कि कुछ लोग बार-बार यह भ्रम फैलाते हैं कि बुलेट ट्रेन सिर्फ अमीरों के लिए है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इसका किराया बहुत किफायती होगा और हवाई यात्रा के मुकाबले काफी कम रहेगा।
यह परियोजना आने वाले वर्षों में पूरी होने की उम्मीद है। मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश में आधुनिक रेल अवसंरचना का विस्तार तेजी से हो रहा है और नॉर्दर्न कॉरिडोर इसी दिशा में एक बड़ा कदम है।