नितिन नवीन की नई टीम में स्मृति ईरानी समेत इन चेहरों को मिल सकती है जगह, 33% महिलाओं को प्रतिनिधित्व

नई दिल्ली: बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन की नई टीम के गठन को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। सूत्रों के मुताबिक, पार्टी की नई राष्ट्रीय टीम की सूची तैयार हो चुकी है और इसका ऐलान जल्द किया जा सकता है। नई टीम में युवा और अनुभवी नेताओं के बीच संतुलन बनाने के साथ-साथ महिलाओं को भी बड़ी हिस्सेदारी देने की तैयारी है। बताया जा रहा है कि नई टीम में करीब 33 फीसदी महिला पदाधिकारी शामिल किए जा सकते हैं।

स्मृति ईरानी को मिल सकती है बड़ी जिम्मेदारी

सूत्रों के मुताबिक, नई टीम में कुछ मौजूदा महामंत्रियों की जगह नए चेहरों को जिम्मेदारी दी जा सकती है। वहीं कई चर्चित नेताओं को नई टीम में बरकरार रखे जाने की संभावना है। इनमें विनोद तावड़े और सुनील बंसल के नाम प्रमुख रूप से सामने आ रहे हैं।

पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी को भी नितिन नवीन की टीम में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिलने की चर्चा है। सूत्रों के मुताबिक, उन्हें राष्ट्रीय महामंत्री बनाया जा सकता है। इसके अलावा हरीश द्विवेदी को भी महामंत्री की जिम्मेदारी दिए जाने की संभावना है। हरीश द्विवेदी को पार्टी के प्रमुख ब्राह्मण चेहरों में गिना जाता है।

नई टीम में संजय भाटिया को भी जगह मिलने की चर्चा है। संजय भाटिया का जुड़ाव अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद यानी ABVP से रहा है। उनके अनुभव को देखते हुए संगठन में उन्हें महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दिए जाने की संभावना जताई जा रही है।

युवा चेहरों पर भी रहेगा फोकस

बीजेपी की नई टीम में युवाओं को भी अधिक प्रतिनिधित्व देने की तैयारी की जा रही है। हाल के Gen-Z आंदोलन और युवाओं के बीच बदलती राजनीतिक सोच को देखते हुए पार्टी युवा चेहरों को संगठन में आगे ला सकती है। इसका मकसद युवाओं के मुद्दों और उनकी राजनीतिक प्राथमिकताओं को समझकर पार्टी की रणनीति तैयार करना बताया जा रहा है।

खास तौर पर उत्तर प्रदेश में युवा मतदाताओं की भूमिका को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। रिपोर्ट के मुताबिक, राज्य में करीब 15 फीसदी Gen-Z वोटर्स हैं और चुनाव में इनका रुख काफी अहम साबित हो सकता है।

2027 के चुनाव सबसे बड़ी चुनौती

नितिन नवीन की नई टीम के सामने सबसे बड़ी चुनौती 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव होंगे। उत्तर प्रदेश, पंजाब, उत्तराखंड, गोवा, मणिपुर और हिमाचल प्रदेश समेत कई राज्यों में अगले साल विधानसभा चुनाव होने हैं। इनमें उत्तर प्रदेश का चुनाव बीजेपी के लिए सबसे महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

यूपी जैसे बड़े राज्य में चुनावी प्रबंधन और संगठन को मजबूत करना नई टीम के लिए बड़ी चुनौती होगी। ऐसे में नई टीम में संभावित बदलावों को आगामी चुनावों की रणनीति से जोड़कर देखा जा रहा है। वहीं, केरल में बीजेपी को हाल ही में झटका लगा है। अभिनेता देवन ने बीजेपी के प्रदेश उपाध्यक्ष पद के साथ-साथ पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से भी इस्तीफा दे दिया है। ऐसे में नितिन नवीन की नई टीम के सामने संगठन को मजबूत करने और राज्यों में पार्टी की स्थिति बेहतर करने की चुनौती भी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *