अटल बिहारी वाजपेयी की 8वीं पुण्यतिथि पर देश ने किया नमन, PM मोदी समेत कई नेताओं ने दी श्रद्धांजलि

नई दिल्ली: पूर्व प्रधानमंत्री और भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की आज आठवीं पुण्यतिथि है। इस मौके पर देशभर में उन्हें श्रद्धांजलि दी जा रही है। दिल्ली में उनके स्मारक ‘सदैव अटल’ पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह समेत कई नेताओं ने पहुंचकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी अटल बिहारी वाजपेयी को याद करते हुए उन्हें नमन किया।

PM मोदी ने अटल जी को किया याद

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए पूर्व प्रधानमंत्री को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने अटल बिहारी वाजपेयी को अद्भुत दूरदर्शिता वाला असाधारण राजनेता बताया। पीएम मोदी ने कहा कि अटल जी ने अपना पूरा जीवन देश की सेवा के लिए समर्पित कर दिया। उन्होंने कहा कि अटल जी के विचारों और प्रयासों ने कई पीढ़ियों को प्रेरित किया। उनके नेतृत्व ने देश को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। सुशासन और जनकल्याण को लेकर उनका जोर आज भी देश का मार्गदर्शन करता है।

CM योगी ने बताया ‘राष्ट्र प्रथम’ का प्रतीक

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी अटल बिहारी वाजपेयी की पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि अटल जी राष्ट्रनिष्ठा, लोकतांत्रिक मूल्यों और आदर्श राजनीति के शिखर पुरुष थे। सीएम योगी ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी ने अपने चिंतन, मर्यादित आचरण और कर्मठ जीवन से लोकतंत्र में शुचिता और राजनीति में नैतिकता के उच्च आदर्श स्थापित किए। उनका जीवन ‘राष्ट्र प्रथम’ की भावना का उदाहरण रहा। उन्होंने कहा कि राष्ट्र की उन्नति के लिए अटल जी का संकल्प आज भी देशवासियों को विकसित भारत के निर्माण के लिए प्रेरित करता है।

16 अगस्त 2018 को हुआ था निधन

अटल बिहारी वाजपेयी का निधन 16 अगस्त 2018 को दिल्ली के एम्स में 93 वर्ष की उम्र में हुआ था। उनके निधन के बाद से हर साल उनकी पुण्यतिथि पर देश उन्हें श्रद्धा से याद करता है। इस मौके पर लोग उनके राजनीतिक योगदान, भाषणों, कविताओं और विचारों को याद कर रहे हैं।

तीन बार रहे देश के प्रधानमंत्री

अटल बिहारी वाजपेयी भारतीय राजनीति के सबसे प्रभावशाली नेताओं में शामिल रहे। वह तीन बार देश के प्रधानमंत्री बने। उनका पहला कार्यकाल 1996 में महज 13 दिनों का रहा। इसके बाद 1998-99 में उन्होंने दूसरी बार प्रधानमंत्री पद संभाला। वर्ष 1999 में वह फिर प्रधानमंत्री बने और 2004 तक पूर्ण कार्यकाल पूरा किया। उनके नेतृत्व में भारत ने पोखरण में परमाणु परीक्षण किया। उनके कार्यकाल में देश की बुनियादी ढांचा परियोजनाओं को भी गति मिली। स्वर्णिम चतुर्भुज परियोजना को उनके कार्यकाल की प्रमुख उपलब्धियों में गिना जाता है।

2015 में मिला भारत रत्न

अटल बिहारी वाजपेयी को वर्ष 2015 में देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान भारत रत्न से सम्मानित किया गया था। उनकी पहचान एक कुशल राजनेता के साथ-साथ प्रखर वक्ता और कवि के रूप में भी रही। विरोधियों के प्रति सम्मान और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति उनकी प्रतिबद्धता की मिसाल आज भी दी जाती है। उनकी कविताएं, भाषण और राजनीतिक विचार आज भी लोगों के बीच लोकप्रिय हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *