तीज महोत्सव में शामिल हुए CM सैनी, महिलाओं और बेटियों के सशक्तिकरण पर दिया जोर

चंडीगढ़: मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने संत कबीर कुटीर में आयोजित तीज महोत्सव में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। इस अवसर पर उन्होंने प्रदेश की माताओं और बहनों को हरियाली, उमंग, प्रेम और आपसी सौहार्द के पावन पर्व तीज की अग्रिम बधाई और शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री ने कहा कि सावन की बूंदें जिस तरह धरती को जीवन देती हैं, उसी तरह हमारी माताएं और बहनें परिवार, समाज और राष्ट्र को संस्कार, संवेदना और शक्ति प्रदान करती हैं।

तीज से जुड़ी परंपरा और नारी सम्मान

सीएम सैनी ने कहा कि तीज का पर्व माता पार्वती की तपस्या, निष्ठा और संकल्प से जुड़ा हुआ है। उन्होंने कहा कि जिस समाज में नारी का सम्मान होता है, वहां समृद्धि केवल विचारों तक सीमित नहीं रहती, बल्कि घरों में भी दिखाई देती है। उन्होंने कहा कि बहन के लिए कोथली में भाई का स्नेह, मायके की यादें और रिश्तों को निभाने का वचन छिपा होता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज आपका भाई नायब सिंह सैनी भी अपनी बहनों के बीच कोथली लेकर आया है।

बेटियां हर क्षेत्र में बढ़ा रहीं प्रदेश का गौरव

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ अभियान की शुरुआत कर समाज की सोच बदलने का राष्ट्रीय संकल्प लिया। आज हरियाणा की बेटियां हर क्षेत्र में देश और प्रदेश का गौरव बढ़ा रही हैं। उन्होंने कहा कि 23वें कॉमनवेल्थ गेम्स में भारत ने 39 पदक जीतकर चौथा स्थान हासिल किया। पदक तालिका में हरियाणा की बेटियों का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा। 10 में से 6 पदक हरियाणा की बेटियों ने जीते, जिनमें पांच स्वर्ण पदक शामिल हैं।

महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने पर जोर

CM सैनी ने कहा कि महिलाओं को आर्थिक रूप से स्वावलंबी बनाने के लिए सरकार कई योजनाएं चला रही है। लाडो लक्ष्मी योजना के तहत 10 लाख बहन-बेटियों को 2042 करोड़ 31 लाख रुपये की राशि दी गई है। उन्होंने कहा कि पंचायती राज संस्थाओं में महिलाओं की 50 प्रतिशत भागीदारी से गांवों की प्राथमिकताएं भी बदली हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बेटी को केवल सुरक्षा का घेरा नहीं, बल्कि अवसरों का आकाश भी देना चाहिए। उन्होंने तीज को हरियाली का त्योहार बताते हुए कहा कि हरियाली प्रकृति का श्रृंगार है। उन्होंने प्रदेश के प्रत्येक परिवार से कम से कम एक पौधा ‘मां के नाम’ लगाने का संकल्प लेने की अपील की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *