ताहिर हुसैन को दोषी होने पर सीएम रेखा गुप्ता का AAP पर हमला, केजरीवाल-संजय सिंह से मांगा जवाब

नई दिल्ली: दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने दिल्ली दंगों के मामले में ताहिर हुसैन को दोषी करार दिए जाने के बाद आम आदमी पार्टी (AAP) पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि अदालत का फैसला उन लोगों के लिए न्याय है, जिन्होंने दंगों में अपने परिजनों को खोया और हिंसा का दर्द झेला।

सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि ताहिर हुसैन वही व्यक्ति है जिसे अदालत ने दिल्ली दंगों में दोषी माना है और अंकित शर्मा की हत्या का जिम्मेदार भी पाया है। उनके अनुसार, ताहिर हुसैन ने दिल्ली में हिंसा भड़काने का काम किया, जिससे हजारों लोग प्रभावित हुए और कई लोगों की जान गई।

AAP पर लगाए राजनीतिक संरक्षण के आरोप

मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि ताहिर हुसैन को आम आदमी पार्टी का राजनीतिक संरक्षण प्राप्त था। उन्होंने कहा कि अरविंद केजरीवाल और संजय सिंह को यह बताना चाहिए कि ऐसे व्यक्ति के साथ उनकी पार्टी का क्या संबंध था। उन्होंने कहा कि दिल्ली की जनता इस मामले में जवाब चाहती है।

सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि दंगों के दौरान पत्थरबाजी और हिंसा की कई घटनाएं हुई थीं, जिनसे राजधानी के लोगों को भारी नुकसान उठाना पड़ा। उन्होंने कहा कि अदालत द्वारा ताहिर हुसैन को दोषी ठहराया जाना न्याय व्यवस्था में लोगों के विश्वास को मजबूत करता है

जनता कभी माफ नहीं करेगी’

मुख्यमंत्री ने कहा कि ताहिर हुसैन के साथ-साथ अरविंद केजरीवाल, संजय सिंह और मनीष सिसोदिया की भी दिल्ली की जनता के प्रति जवाबदेही बनती है। उन्होंने दावा किया कि दिल्ली की जनता दंगों की घटनाओं को कभी नहीं भूलेगी और जिम्मेदार लोगों को माफ नहीं करेगी। हालांकि, आम आदमी पार्टी की ओर से मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के इन आरोपों पर तत्काल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *