दिल्ली-नोएडा समेत NCR में भारी बारिश से सड़कों पर भरा पानी, IMD का ‘रेड’ अलर्ट

दिल्ली में भारी बारिश

नई दिल्ली: दिल्ली-नोएडा समेत एनसीआर में पिछले 24 घंटों से लगातार हो रही भारी बारिश ने पूरे इलाके को जलमग्न कर दिया है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने गुरुवार के लिए ‘रेड’ अलर्ट जारी किया है। राजधानी के सफदरजंग मौसम केंद्र में 72.6 मिलीमीटर, लोधी रोड में 80.2 मिमी, रिज में 77.8 मिमी, पालम में 63 मिमी और अयानगर में 57.4 मिमी बारिश दर्ज की गई।

दिल्ली में कई जगह जल-जमाव

बारिश के कारण दिल्ली की सड़कें पानी से लबालब हो गई हैं। सदर बाजार, नसीरपुर, ग्रेटर कैलाश, बदरपुर, तेलीवाड़ा, महावीर बाजार, स्वरूप नगर, कुशक रोड, आईटीओ, रिंग रोड, आउटर रिंग रोड, ढौला कुआं, महिपालपुर और अश्रम जैसे इलाकों में भारी जलभराव है। कई जगहों पर लोग घुटनों तक पानी में चलते नजर आए। उखड़े पेड़ों और बिजली के खंभों ने यातायात को और बिगाड़ दिया। दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर भी ट्रैफिक जाम की स्थिति बनी हुई है।

नोएडा-गुरुग्राम और गाजियाबाद में भी हालात खराब

नोएडा, गाजियाबाद और गुरुग्राम में भी हालात खराब हैं। गुरुग्राम में एनएच-48 पर सड़क धंसने की घटना हुई, जिससे दिल्ली-जयपुर मार्ग पर यातायात प्रभावित रहा। नोएडा में कई सेक्टरों में पानी भर गया है और लोग घरों में कैद हैं। स्कूलों और कॉलेजों में छुट्टी घोषित कर दी गई है। कई इलाकों में बिजली आपूर्ति भी बाधित हुई है।

दोपहर में भारी बारिश का अलर्ट

IMD के अनुसार बृहस्पतिवार को सुबह और दोपहर में गरज-चमक के साथ मध्यम से भारी बारिश होने की संभावना है। हवाएं 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं। अगले कुछ दिनों तक मौसम ऐसा ही रहने का अनुमान है, हालांकि 10-11 जुलाई को अलर्ट हरा हो सकता है। प्रशासन ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। अनावश्यक घर से बाहर न निकलें, जलभराव वाले इलाकों से दूर रहें और यातायात अपडेट चेक करते रहें। भारी बारिश से दिल्ली-एनसीआर की जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *