मंडी में भारी बारिश का ‘ऑरेंज अलर्ट’:11 सड़कें और ट्रांसफार्मर बंद, प्रशासन ने जारी की सख्त चेतावनी

हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में मौसम ने फिर करवट ली है। भारत मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने 2 और 3 जुलाई 2026 के लिए मंडी के कई इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश का ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया है।

अलर्ट को देखते हुए जिला प्रशासन ने आम लोगों और पर्यटकों के लिए एडवाइजरी जारी कर दी है। उपायुक्त मंडी ने अपील की है कि लोग नदी-नालों, पहाड़ी और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में जाने से पूरी तरह बचें। प्रशासन ने “सतर्क रहें – सुरक्षित रहें” का मंत्र अपनाने को कहा है।

सड़क और बिजली की स्थिति

DEOC मंडी की ताजा रिपोर्ट के मुताबिक भारी बारिश से जनजीवन प्रभावित हुआ है। राहत की बात ये है कि बंद सड़कों की संख्या 28 से घटकर अब 11 रह गई है।

वर्तमान में थालौट डिवीजन में 11 सड़कें बंद हैं। इसमें 1 मेजर डिस्ट्रिक्ट रोड और 10 ग्रामीण सड़कें शामिल हैं। राष्ट्रीय और राज्य उच्च मार्ग अभी खुले हुए हैं और यातायात जारी है।

बिजली व्यवस्था भी पटरी पर लौट रही है। पहले 198 ट्रांसफार्मर प्रभावित हुए थे, जिन्हें काफी हद तक ठीक कर लिया गया है। अभी सुंदरनगर में 10 और जोगिंद्रनगर में 1 बिजली ट्रांसफार्मर ठप है। इन्हें बहाल करने का काम युद्धस्तर पर चल रहा है।

पानी की दिक्कत नहीं

प्रशासन ने राहत देते हुए बताया कि जिले में सभी जल आपूर्ति योजनाएं सामान्य रूप से चल रही हैं। कहीं भी पीने के पानी की कमी नहीं है।

आपातकाल के लिए हेल्पलाइन नंबर

किसी भी आपात स्थिति में तुरंत मदद के लिए जिला प्रशासन ने ये नंबर जारी किए हैं:

  • लैंडलाइन: 01905-226201, 226202, 226203, 226204
  • टोल-फ्री: 1077
  • आपातकालीन व्हाट्सएप: 85447-71889, 94594-55714

मौसम विभाग ने अगले 48 घंटों तक सतर्क रहने की सलाह दी है। प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और केवल आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करने को कहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *