सेशेल्स पहुंचे PM मोदी, राष्ट्रपति हर्मिनी ने किया भव्य स्वागत; ‘कार डिप्लोमेसी’ से बढ़ी गर्मजोशी

विक्टोरिया: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को तीन दिवसीय सरकारी दौरे पर सेशेल्स की राजधानी विक्टोरिया पहुंचे। सेशेल्स इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर राष्ट्रपति डॉ. पैट्रिक हर्मिनी ने खुद आकर उनका स्वागत किया। उनके साथ एक हाई-लेवल डेलिगेशन भी मौजूद था। एयरपोर्ट पर PM मोदी को औपचारिक ‘गार्ड ऑफ ऑनर’ दिया गया।

एयरपोर्ट पर बड़ी संख्या में मौजूद भारतीय समुदाय के लोगों ने भी PM मोदी का ढोल-नगाड़ों और नारों के साथ स्वागत किया। PM मोदी ने समुदाय के लोगों से मुलाकात की, उनसे बातचीत की और स्वागत की तस्वीरें X पर साझा करते हुए कहा, “सेशेल्स में भारतीय समुदाय के प्यार और स्नेह के लिए शुक्रिया।”

कच्छ का नृत्य और ‘कार डिप्लोमेसी’ की झलक

स्वागत समारोह को खास बनाने के लिए विक्टोरिया एयरपोर्ट पर कच्छ का पारंपरिक लोकनृत्य प्रस्तुत किया गया। PM मोदी ने इस सांस्कृतिक प्रस्तुति की तारीफ करते हुए X पर लिखा, “शानदार सांस्कृतिक जुड़ाव! जिस तरह हमारे प्रवासी समुदाय ने भारत की विविध संस्कृति को संजोकर रखा है, वह काबिल-ए-तारीफ है।

स्वागत के बाद PM मोदी राष्ट्रपति हर्मिनी के साथ कार में सवार होकर नेशनल बॉटनिकल गार्डन के लिए रवाना हुए। दोनों नेताओं की कार में साथ बैठी तस्वीर को PM मोदी ने पोस्ट करते हुए इसे ‘कार डिप्लोमेसी’ का उदाहरण बताया। यह तस्वीर दोनों देशों के बीच बढ़ती दोस्ती का प्रतीक बन गई।

हिंद महासागर में अहम साझेदारी

PM मोदी ने X पर पोस्ट कर कहा, “सेशेल्स हिंद महासागर में भारत का एक अहम समुद्री पार्टनर और करीबी दोस्त है। मैं इस दौरे को लेकर उत्साहित हूं, जिसका मकसद हमारे ऐतिहासिक रिश्तों को और मजबूत करना और दोनों देशों के लोगों के फायदे के लिए सहयोग बढ़ाना है।”

दिल्ली से रवाना होने से पहले उन्होंने कहा कि सेशेल्स ‘विजन महासागर’ यानी ‘क्षेत्रों में सुरक्षा और विकास के लिए आपसी और समग्र प्रगति’ में भारत का मुख्य पार्टनर है। यह ग्लोबल साउथ के प्रति भारत की साझा प्रतिबद्धता का भी हिस्सा है।

नेशनल डे और द्विपक्षीय वार्ता

राष्ट्रपति हर्मिनी के निमंत्रण पर आए PM मोदी सेशेल्स के ‘नेशनल डे’ के गोल्डन जुबली समारोह में ‘गेस्ट ऑफ ऑनर’ के रूप में शामिल होंगे। इस दौरान दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय सहयोग के सभी पहलुओं की समीक्षा होगी। रक्षा, समुद्री सुरक्षा, व्यापार और विकास सहयोग पर भी चर्चा होगी।

अधिकारियों के अनुसार समारोह में भारतीय सशस्त्र बलों की एक टुकड़ी और भारतीय नौसेना के दो युद्धपोत हिस्सा लेंगे। PM मोदी सेशेल्स की नेशनल असेंबली को भी संबोधित करेंगे और वहां रह रहे भारतीय समुदाय के लोगों से सीधे बातचीत करेंगे।

PM मोदी ने कहा, “हम मिलकर अपने लोगों की तरक्की के लिए काम करेंगे और हिंद महासागर क्षेत्र में सुरक्षा और समृद्धि को बढ़ावा देंगे।” यह दौरा भारत-सेशेल्स संबंधों को नई ऊंचाई देने वाला माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *