लखनऊ कोचिंग सेंटर में लगी भीषण आग, 15 की मौत; जान बचाने के लिए बिल्डिंग से कूदे छात्र

लखनऊ: अलीगंज इलाके में सोमवार दोपहर एक कोचिंग सेंटर में भीषण आग लग गई। हादसे में 15 लोगों की मौत हो गई है। आग इतनी तेज थी कि कई छात्र जान बचाने के लिए बिल्डिंग से कूद पड़े। घटना का वीडियो भी सामने आया है।

तीन मंजिला बिल्डिंग में लगी आग

दोपहर करीब 3 बजे उषा मेहता मार्ग पर स्थित तीन मंजिला कमर्शियल बिल्डिंग में आग की सूचना मिली। फायर डिपार्टमेंट ने तुरंत 14 फायर टेंडर और हाइड्रोलिक प्लेटफॉर्म गाड़ी मौके पर भेजी। एक अधिकारी ने बताया कि 10-12 लोग अभी भी अंदर फंसे हैं। आग की भयावहता के कारण टीम अंदर नहीं जा पा रही है।

चश्मदीद ने बताया खौफनाक मंजर

चश्मदीद अमन ने कहा कि यहां लाइब्रेरी या कंप्यूटर कोर्स का संस्थान है। धुआं निकलता देख उन्होंने 5-6 लोगों को बचाया। एक व्यक्ति आग से बचने के लिए बिल्डिंग से कूद गया और गंभीर रूप से घायल हो गया। अभी भी कुछ लोग अंदर फंसे हुए हैं।

मौके पर पहुंचे डिप्टी सीएम

डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने बताया कि सबसे ऊपरी मंजिल पर कोई नहीं है। फायर ब्रिगेड ने अंदर जाने के लिए पहली मंजिल की दीवार तोड़ी है। हर कमरे की तलाशी ली जा रही है। मेडिकल टीम और एंबुलेंस मौके पर तैनात हैं। घायलों को तुरंत प्राथमिक उपचार देने का इंतजाम किया गया है।

CM योगी ने दौरे रद्द किए

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना का संज्ञान लेकर अधिकारियों को राहत-बचाव कार्य तेज करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी दौरे रद्द कर लखनऊ रवाना होने का फैसला लिया। अलीगढ़ में CM योगी ने कहा कि इस दुखद घटना के कारण मुझे तत्काल वापस जाना पड़ रहा है। उन्होंने DGP और अपर मुख्य सचिव गृह को मौके पर जाकर रिपोर्ट देने को कहा। CM ने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताई और घायलों के समुचित इलाज के निर्देश दिए।

PM मोदी ने जताया गहरा दुख

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी घटना पर दुख जताया। PMNRF से मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये और घायलों को 50 हजार रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की गई है। PM ने कहा कि बचाव कार्य चल रहा है और हर संभव मदद पहुंचाई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *