नई दिल्ली: दफ्तरों के चक्कर लगाने से मिलेगी राहत। दिल्ली सरकार 18 से 20 जून तक राजधानी की 42 जगहों पर जन कल्याण शिविर आयोजित कर रही है। इन कैंपों में राशन कार्ड, पेंशन, आयुष्मान कार्ड, पानी बिल सुधार समेत 20+ सरकारी योजनाओं का लाभ और शिकायतों का निपटारा एक ही छत के नीचे होगा।
जनता के दरवाजे तक पहुंचेगा शासन
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि शिविरों का मकसद शासन को जनता के द्वार तक पहुंचाना और समस्याओं का मौके पर समाधान करना है। उन्होंने बताया कि सभी विभागों को अधिकतम मामलों का तुरंत निपटारा करने के निर्देश दिए गए हैं। CM ने दिल्लीवासियों से नजदीकी कैंप में पहुंचकर लाभ उठाने की अपील की।
स्कूलों में लगेंगे कैंप, ये सेवाएं मिलेंगी
ज्यादातर शिविर स्कूल परिसरों में लगेंगे। यहां राशन कार्ड, पिंक कार्ड, ई-श्रम कार्ड, जनधन खाता, आधार पंजीकरण, आयुष्मान कार्ड, विधवा-दिव्यांग पेंशन, SC/ST स्कॉलरशिप, जाति प्रमाण पत्र, पीएम स्वनिधि, पीएम सूर्य घर योजना, एमएसएमई लोन, गृह कर, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, विधवा पुत्री विवाह सहायता की सुविधा मिलेगी।
पानी बिल की टेंशन भी होगी खत्म
गलत पानी बिल से परेशान लोग शिविर में बिल सुधरवा सकेंगे। इसके बाद वे बिल जुर्माना माफी योजना का फायदा ले पाएंगे। अवैध कनेक्शन को नियमित कराने का काम भी यहीं होगा। 70 साल से ऊपर के बुजुर्गों और BPL कार्ड धारकों के आयुष्मान कार्ड भी मौके पर बनेंगे।
सरकार का कहना है कि इन कैंपों से पात्र लोगों को योजनाओं की जानकारी, रजिस्ट्रेशन और लाभ समयबद्ध तरीके से मिलेगा।