सीएम सैनी ने की 346वें विधवा राशन वितरण समारोह में शिरकत, बोले- अंत्योदय के संकल्प को मजबूती देता है यह सेवा कार्य

CM Nayab Singh Saini

लुधियाना: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने रविवार को पंजाब के लुधियाना स्थित ज्ञान स्थल मंदिर में आयोजित 346वें मासिक विधवा राशन एवम सहायता वितरण समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। इस दौरान उन्होंने शहीद लाला जगत नारायण जी को नमन करते हुए संस्था के सेवा कार्यों की सराहना की।

लाला जगत नारायण की विरासत को बढ़ा रही संस्था

मुख्यमंत्री ने कहा कि लाला जगत नारायण जी ने अपनी सारी जिंदगी राष्ट्रभक्ति और सेवा को समर्पित कर दी। उनकी वही विरासत आज लाला जगत नारायण निष्काम सेवा समिति के माध्यम से आगे बढ़ रही है। सीएम ने बताया कि यह संस्था पिछले 346 महीनों से लगातार समाज सेवा कर रही है। इस सेवा कार्य की शुरुआत वर्ष 1997 में जगदीश बजाज जी ने की थी। उन्होंने कहा कि लुधियाना के ज्ञान स्थल मंदिर में पहुंचकर खुशी और गौरव की अनुभूति हो रही है।

डेढ़ लाख से ज्यादा महिलाओं तक पहुंचाया राशन

सीएम सैनी ने कहा कि इस संस्था ने अब तक 1 लाख 65 हजार से ज्यादा विधवा माता-बहनों को राशन बांटने का काम किया है। कोरोना काल के कठिन समय में भी संस्था ने घर-घर जाकर राशन पहुंचाया। इसके अलावा 385 दिव्यांगों को साइकिल, 1 लाख 15 हजार से ज्यादा महिलाओं को सिलाई मशीन और 25 हजार से ज्यादा बच्चों को कंप्यूटर शिक्षा भी दी गई है। कार्यक्रम के दौरान जम्मू कश्मीर में आतंकवाद पीड़ितों के लिए 64वां राहत सामग्री का ट्रक भी रवाना किया गया।

हरियाणा में महिलाओं-बेटियों के लिए कई योजनाएं

मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा में भी बेटियों और बहनों के लिए कई जनकल्याणकारी योजनाएं चलाई जा रही हैं। दीनदयाल लाडो लक्ष्मी योजना के तहत प्रदेश की महिलाओं को 2100 रुपए प्रति माह दिए जा रहे हैं। हर घर हर ग्रहणी योजना के तहत बहनों की रसोई में 500 रुपए में गैस सिलेंडर पहुंचाया जाता है।

बेटियों को मिल रही पोस्ट ग्रेजुएशन तक मुफ्त शिक्षा

सीएम सैनी ने बताया कि सरकार ने बेटियों की शिक्षा के लिए प्रदेश में 81 कॉलेज खोले हैं। आज पोस्ट ग्रेजुएशन तक लड़कियों को प्रदेश में मुफ्त शिक्षा दी जा रही है। उन्होंने कहा कि राजनीति का वास्तविक ध्येय समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति का उत्थान और राष्ट्र की सीमाओं को सुरक्षित करना है। मुख्यमंत्री ने कहा कि विधवा माता और बहनों को राशन व सहायता राशि बांटने का जो काम यहां हो रहा है वह अंत्योदय के संकल्प को और मजबूती प्रदान करता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *