मसूरी में दर्दनाक हादसा: ब्रेक फेल होने से 500 मीटर गहरी खाई में गिरी कार, 4 की मौत

मसूरी: उत्तराखंड की पर्यटन नगरी मसूरी में बुधवार सुबह भीषण सड़क हादसा हो गया। झड़ीपानी-कोलुखेत शॉर्टकट रोड पर ब्रेक फेल होने से एक मारुति सिलेरियो कार अनियंत्रित होकर करीब 500 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में 2 महिलाओं समेत 4 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।

सुबह 9 बजे हुआ हादसा

पुलिस कंट्रोल रूम को सुबह करीब 9:16 बजे हादसे की सूचना मिली। सूचना मिलते ही मसूरी पुलिस, SDRF, फायर सर्विस और 108 एंबुलेंस की टीमें मौके पर पहुंचीं। ITBP के जवान भी रेस्क्यू में जुटे हैं।

ऐसे हुआ हादसा

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक सफेद रंग की कार सड़क किनारे एक दुकान पर रुकी थी। कार सवार खुद को उत्तरकाशी से आया बता रहे थे। सामान खरीदने के बाद जैसे ही चारों लोग कार में बैठे, गाड़ी तीव्र ढलान पर तेजी से लुढ़कने लगी। चालक ब्रेक नहीं लगा सका और कार सड़क से नीचे खाली प्लॉट पार करते हुए खाई में जा गिरी।

मृतकों की पहचान

हादसे में सोनीपत निवासी सत्यप्रकाश, गाजियाबाद के नेहरू नगर निवासी 19 वर्षीय मनीत, 48 वर्षीय सविता पत्नी धर्मवीर और दिल्ली के करोलबाग निवासी 46 वर्षीय संगीता पत्नी टीटू की मौत हुई है। पुलिस ने परिजनों को सूचना दे दी है।

गहरी खाई में मुश्किल रेस्क्यू

खाई बेहद गहरी और झाड़ियों से भरी होने के कारण रेस्क्यू में काफी दिक्कत आई। घंटों की मशक्कत के बाद टीम ने एक महिला का शव बाहर निकाला। बाकी शवों की तलाश जारी है। SP देहरादून और CO मसूरी भी मौके पर मौजूद हैं।

ब्रेक फेल बना कारण

पुलिस की शुरुआती जांच में ब्रेक फेल होना हादसे की वजह सामने आई है। हालांकि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

हादसे के बाद इलाके में शोक का माहौल है। स्थानीय लोगों ने पहाड़ी मार्गों पर वाहनों की तकनीकी जांच और सुरक्षा मानकों को सख्त करने की मांग उठाई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *