भारत मंडपम में NDA की अहम बैठक, PM मोदी ने तोड़ा नेहरू का रिकॉर्ड, खुद बांटी झालमुरी

नई दिल्ली: भारत मंडपम में बुधवार को एनडीए की बड़ी बैठक आयोजित हुई, जिसकी अध्यक्षता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने की। बैठक में भाजपा समेत एनडीए के सभी घटक दलों के वरिष्ठ नेता शामिल हुए। इस दौरान का एक वीडियो सोशल मीडिया पर छाया हुआ है, जिसमें पीएम मोदी अपने हाथों से सहयोगी नेताओं को झालमुरी परोसते नजर आए।

शुभेंदु ने दी झालमुरी, PM ने सबको खिलाई

बैठक के दौरान पश्चिम बंगाल से बीजेपी नेता शुभेंदु अधिकारी पीएम मोदी के लिए झालमुरी लेकर पहुंचे। पीएम मोदी ने न सिर्फ झालमुरी खाई, बल्कि खुद खड़े होकर सभी एनडीए नेताओं को भी बांटी। इस अनौपचारिक पल ने बैठक का माहौल खुशनुमा बना दिया।

4,399 दिन पूरे कर PM मोदी ने बनाया रिकॉर्ड

बैठक में पीएम मोदी के नाम एक ऐतिहासिक उपलब्धि भी दर्ज हुई। वह लगातार 4,399 दिनों तक प्रधानमंत्री पद पर रहकर देश के सबसे लंबे समय तक सेवा देने वाले निर्वाचित प्रधानमंत्री बन गए हैं। उन्होंने पंडित जवाहरलाल नेहरू का 4,398 दिन का रिकॉर्ड तोड़ा। इस मौके पर एनडीए के नेताओं ने पीएम मोदी को बधाई दी और सम्मानित किया।

झालमुरी के सियासी मायने

झालमुरी को लेकर सियासी हलकों में चर्चा तेज है। पीएम मोदी ने पश्चिम बंगाल दौरे पर भी झालमुरी खाई थी। इसके बाद हुए विधानसभा चुनाव में बीजेपी को बड़ी सफलता मिली थी। चुनाव हारने के बाद से तृणमूल कांग्रेस में लगातार टूट की खबरें आ रही हैं और पार्टी मुश्किल दौर से गुजर रही है।

क्या है झालमुरी?

झालमुरी कोलकाता का मशहूर स्ट्रीट फूड है। बंगाली में झाल यानी तीखा और मुरी यानी मुरमुरा। इसमें मुरमुरा, सरसों का तेल, प्याज, टमाटर, हरी मिर्च, आलू, मूंगफली, भुना चना, सेव, धनिया, नींबू और चाट मसाला मिलाया जाता है। कोलकाता में यह बेहद लोकप्रिय है और अब पीएम मोदी के खाने के बाद से सियासत में भी इसकी चर्चा होने लगी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *