नई दिल्ली। दिल्ली को प्रदूषण से मुक्ति दिलाने और धूल रहित बनाने के लिए मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बड़ी पहल की है। सोमवार को उनकी मौजूदगी में लोक निर्माण विभाग, CSIR-CRRI और स्कूल ऑफ प्लानिंग एंड आर्किटेक्चर के बीच समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर हुए।
क्या है समझौता?
यह MoU दिल्ली में धूल रहित सड़कें, शहरी हरियाली और वैज्ञानिक सड़क प्रबंधन को बढ़ावा देगा। नई तकनीक और बेहतर प्रबंधन से सड़कों की गुणवत्ता सुधरेगी और प्रदूषण पर अंकुश लगेगा। इस मौके पर कैबिनेट मंत्री परवेश साहिब सिंह और मनजिंदर सिंह सिरसा भी मौजूद रहे।
CM ने क्या कहा?
CM रेखा गुप्ता ने X पर लिखा कि यह समझौता प्रदूषण नियंत्रण और सड़क अवसंरचना सुधार के प्रयासों को नई गति देगा। उन्होंने कहा, “नई तकनीक, बेहतर सड़क प्रबंधन और हरियाली पर आधारित यह पहल स्वच्छ सड़कों और हरित विकसित दिल्ली के संकल्प को आगे बढ़ाएगी।”
बांस से बनेंगे कूलिंग जोन
भीषण गर्मी से राहत के लिए दिल्ली सरकार बांस आधारित ‘कूलिंग जोन’ बनाएगी। बाहरी-उत्तरी जिला प्रशासन ने सीड्स एनजीओ के साथ मिलकर बवाना में पहला बांस कूलिंग जोन स्थापित किया है। CMO के मुताबिक, ये जोन पर्यावरण के अनुकूल और टिकाऊ हैं। CM रेखा गुप्ता ने कहा कि यह पहल तत्काल राहत के साथ भविष्य की जलवायु चुनौतियों से निपटने का नवाचार-आधारित समाधान भी है। इस पहल से दिल्ली की एयर क्वालिटी और बुनियादी ढांचे में सुधार की उम्मीद है।