कुरुक्षेत्र: मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी रविवार को कुरुक्षेत्र में आयोजित योग सम्मेलन में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने श्री कृष्ण आयुष विश्वविद्यालय में नवनिर्मित सभागार का लोकार्पण और महिला छात्रावास का शिलान्यास भी किया।
सम्मेलन को संबोधित करते हुए CM सैनी ने कहा कि धर्म क्षेत्र कुरुक्षेत्र की पावन धरती पर आकर खुशी और गौरव की अनुभूति हो रही है। आज हम योग के उस महान संदेश को आत्मसात करने के लिए एकत्रित हुए हैं जिसने भारत की प्राचीन संस्कृति को विश्व पटल पर नई पहचान दिलाई।
योग दिवस और नई पहल
CM ने बताया कि इस बार 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का राज्य स्तरीय मुख्य कार्यक्रम पंचकूला में होगा। इस साल की थीम ‘स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग’ रखी गई है। उन्होंने कहा कि PM नरेंद्र मोदी की पहल पर ही 2014 में संयुक्त राष्ट्र ने 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस घोषित किया था।
मुख्यमंत्री ने कहा कि योग स्वस्थ और शांतिपूर्ण जीवन का संपूर्ण विज्ञान है। हरियाणा सरकार ने पहली से दसवीं तक योग शिक्षा को अनिवार्य किया है और योग को बढ़ावा देने के लिए हरियाणा योग आयोग का गठन किया गया। इस बजट में सभी औद्योगिक इकाइयों में कर्मचारियों के लिए रोजाना योग ब्रेक का प्रावधान भी किया गया है।
आयुष विश्वविद्यालय का विस्तार
CM सैनी ने कहा कि योग एवं आयुर्वेद को बढ़ावा देने के लिए कुरुक्षेत्र में श्री कृष्ण आयुष विश्वविद्यालय की स्थापना की गई। नए कैंपस का कार्य भी जल्द शुरू होगा। इसके अलावा पंचकूला में राष्ट्रीय आयुर्वेद योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा संस्थान और झज्जर में पोस्ट ग्रेजुएट योग एवं प्रकृति चिकित्सा रिसर्च संस्थान स्थापित किए गए हैं।
पर्यावरण पर जोर
विश्व पर्यावरण दिवस पर प्रदेशवासियों को बधाई देते हुए CM ने कहा कि इस वर्ष हरियाणा में डेढ़ करोड़ पौधे लगाए जाएंगे। उन्होंने लोगों से मोबाइल और डिजिटल उपकरणों से समय निकालकर योग को दिनचर्या का हिस्सा बनाने की अपील की, ताकि स्वस्थ हरियाणा, समृद्ध हरियाणा और विकसित भारत का निर्माण हो सके।