पंचकूला: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सोमवार को पंचकूला में आयोजित कार्यक्रम में भाजपा की नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष डॉ अर्चना गुप्ता को पदभार ग्रहण कराया। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने डॉ अर्चना गुप्ता को नई जिम्मेदारी के लिए बधाई दी और कहा कि यह महिला सशक्तिकरण का सीधा उदाहरण है।
‘गर्व की अनुभूति हो रही है’
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा, ‘आज इस कार्यक्रम में उपस्थित होकर गर्व की अनुभूति हो रही है। बेटी निर्बल नहीं, आत्मनिर्भर है, इसका सबसे बड़ा प्रमाण डॉ अर्चना गुप्ता को मिली यह जिम्मेदारी है।’ उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का धन्यवाद करते हुए कहा कि पीएम मोदी ने महिलाओं को सशक्त करने का संकल्प लिया था, जिसे पार्टी लगातार पूरा कर रही है।
पंजाब कार्यक्रम का भी जिक्र
मुख्यमंत्री ने बताया कि वह आज ही पंजाब के नवनियुक्त भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सरदार केवल सिंह ढिल्लों के पदभार ग्रहण समारोह में भी शामिल हुए थे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में भाजपा की सरकार लगातार तीसरी बार बनी है।
‘विकसित हरियाणा बनाएंगे’
नायब सिंह सैनी ने भरोसा जताया कि डॉ अर्चना गुप्ता के नेतृत्व में पार्टी ‘विकसित हरियाणा’ और ‘विकसित भारतीय जनता पार्टी’ के लक्ष्य को पूरा करेगी। उन्होंने कहा, ‘हम सब मिलकर संगठन को और मजबूत करेंगे।’
जनता का जताया आभार
मुख्यमंत्री ने हरियाणा की जनता का भी आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा, ‘प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों पर विश्वास करने के लिए मैं हरियाणा की जनता का धन्यवाद करता हूं। जनता के सहयोग से ही प्रदेश लगातार विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है।’
कार्यक्रम में पार्टी के वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।