मोरनी, पंचकूला हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सोमवार को मोरनी में प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के लिए आयोजित संवाद कार्यक्रम में शिरकत की। इस दौरान उन्होंने किसान उत्पादक संगठनों (FPOs), किसान भाइयों और स्थानीय नागरिकों से सीधा संवाद किया।
6 FPOs ने किए MoU, अफ्रीका में खुलेंगे रास्ते
कार्यक्रम में 6 FPOs ने विभिन्न संस्थाओं के साथ समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए। इनमें MDH के साथ हुआ समझौता सबसे अहम रहा। इसके तहत हरियाणा के किसानों को तंजानिया, केन्या सहित अफ्रीकी देशों में खेती और कृषि-व्यवसाय के नए अवसर मिलेंगे। मुख्यमंत्री सैनी ने कहा कि यह पहल किसानों की आय दोगुनी करने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगी।
मसाला फसलों को मिलेगा बढ़ावा
मुख्यमंत्री ने बताया कि मोरनी क्षेत्र में अदरक, हल्दी, मिर्च समेत विभिन्न मसाला फसलों की खेती को प्रोत्साहित किया जाएगा। पहाड़ी क्षेत्र की जलवायु इन फसलों के लिए अनुकूल है। इससे किसानों की आय में बड़ी वृद्धि होने की उम्मीद है।
प्राकृतिक खेती पर 10% बोनस का ऐलान
CM सैनी ने बड़ी घोषणा करते हुए कहा कि प्राकृतिक खेती से उत्पादित फसलों पर किसानों को बाजार मूल्य से 10 प्रतिशत अधिक दाम दिया जाएगा। उन्होंने किसानों को आश्वस्त किया कि प्राकृतिक खेती अपनाने पर किसी भी प्रकार की हानि होने पर सरकार उसकी पूरी भरपाई करेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य खेती को जहरमुक्त बनाना और किसानों को आत्मनिर्भर करना है। प्राकृतिक खेती से न सिर्फ जमीन की सेहत सुधरेगी बल्कि लोगों को भी स्वस्थ अनाज मिलेगा। कार्यक्रम में कृषि विभाग के वरिष्ठ अधिकारी और सैकड़ों किसान मौजूद रहे।