CM नायब सैनी ने ‘मेक इन हरियाणा’ नीति का किया शुभारंभ,1.10 लाख करोड़ के MoU पर किया हस्ताक्षर

Nayab Singh Saini, CM

गुरुग्राम: मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने रविवार को गुरुग्राम में ‘मेक इन हरियाणा’ नीति और 9 नई सेक्टोरल नीतियों का शुभारंभ किया। इस दौरान स्मार्ट निवेश सुविधा पोर्टल और ‘हैपनिंग हरियाणा ग्लोबल इन्वेस्टर समिट’ के लोगो का भी अनावरण हुआ। कार्यक्रम में लगभग 1.10 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्तावों पर MoU साइन किए गए।

‘हरियाणा के भविष्य की नई दिशा तय’

CM नायब सैनी ने कहा कि आज का दिन हरियाणा के लिए बहुत महत्वपूर्ण है। आज हमने हरियाणा के भविष्य की नई दिशा और दशा तय की है। उन्होंने कहा कि भविष्य में प्रशासन और व्यवस्था और तीव्र होगी, उद्योग सशक्त होंगे और निवेश प्रक्रिया सरल होगी।

‘मेक इन हरियाणा सिर्फ पॉलिसी नहीं, रोडमैप है’

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज उद्योग केवल इंसेंटिव नहीं, इकोसिस्टम भी देखते हैं। ‘मेक इन हरियाणा’ केवल इंडस्ट्रियल पॉलिसी नहीं, बल्कि हरियाणा के आर्थिक विकास के अगले चरण का रोडमैप है। उन्होंने बताया कि देश के सिर्फ 1.3% भूभाग के बावजूद हरियाणा भारत की GDP में करीब 3.6% का योगदान देता है। अब ग्लोबल कंपनियां हरियाणा को मैन्युफैक्चरिंग के साथ ग्रोथ डेस्टिनेशन के रूप में भी देख रही हैं।

स्मार्ट निवेश पोर्टल से बदलेगा काम करने का तरीका

CM ने ‘हरियाणा इंटेलिजेंट इन्वेस्टमेंट फैसिलिटेशन पोर्टल’ को बेहद महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि यह पोर्टल सरकार और उद्योगों के बीच काम करने का तरीका पूरी तरह बदल देगा। आज साइन हुए ₹1.10 लाख करोड़ के निवेश प्रस्ताव MSME के लिए नए अवसर खोलेंगे।

इसी साल होगी ग्लोबल इन्वेस्टर समिट

मुख्यमंत्री ने ‘हैपनिंग हरियाणा ग्लोबल इन्वेस्टर समिट’ के लोगो का अनावरण भी किया। उन्होंने बताया कि यह ग्लोबल समिट इसी साल आयोजित होगी और दुनिया को एक नए हरियाणा से परिचित कराएगी। CM ने कहा कि PM नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में हरियाणा भविष्य का नेतृत्व करने के लिए तैयार है। उन्होंने सभी इन्वेस्टर्स, इनोवेटर्स और ग्लोबल पार्टनर्स को हरियाणा की नई ग्रोथ स्टोरी का हिस्सा बनने के लिए आमंत्रित किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *