नई दिल्ली: दिल्ली-NCR में शनिवार शाम मौसम ने अचानक करवट ली। तेज हवाओं और गरज-चमक के साथ झमाझम बारिश से दिन में ही अंधेरा छा गया। धूल भरी आंधी के बाद हुई बारिश से लोगों को भीषण गर्मी और लू से बड़ी राहत मिली है।
40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलीं हवाएं
दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम और फरीदाबाद में 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलीं। कई इलाकों में बादल गरजने के साथ मध्यम बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग ने पहले ही बारिश के लिए येलो अलर्ट जारी किया था।
तापमान में गिरावट, पारा सामान्य से नीचे
बारिश और बादल छाए रहने से तापमान में भारी गिरावट आई। सफदरजंग में न्यूनतम तापमान 24.6°C दर्ज हुआ, जो औसत से 2 डिग्री और शुक्रवार से 0.7 डिग्री कम है। शनिवार को अधिकतम तापमान 34°C से 36°C के बीच रहने का अनुमान है।
रविवार को रेड-ऑरेंज अलर्ट जारी
IMD के मुताबिक रविवार को दिल्ली में आंधी-बारिश के लिए रेड और ऑरेंज अलर्ट है। शाम/रात में गरज के साथ बारिश हो सकती है। हवाओं की रफ्तार 40-50 किमी प्रति घंटे से बढ़कर 60 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। अधिकतम तापमान 36°C से 38°C और न्यूनतम 23°C से 25°C के बीच रहेगा
मौसम विभाग का कहना है कि उत्तर-पश्चिमी भारत में पश्चिमी विक्षोभ और मॉनसून पूर्व गतिविधियों के कारण बारिश, आंधी और बिजली कड़कने जैसी स्थिति बनी है। अगले दो दिन दिल्ली-NCR में बारिश, आंधी-तूफान और तेज हवाओं का सिलसिला जारी रहेगा। इस दौरान हवा की रफ्तार 50-70 किमी प्रति घंटे तक जा सकती है।