सीएम योगी ने लिखी चिट्ठी, कहा-गर्मी की छुट्टियों में बच्चों को ननिहाल और ददिहाल जरूर ले जाएं; साथ में हुनर भी सिखाएं

लखनऊ: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गर्मी की छुट्टियां शुरू होते ही बच्चों और अभिभावकों को पत्र लिखकर खास संदेश दिया है। सीएम ने पैरेंट्स से कहा है कि वे बच्चों को इस बार ननिहाल और ददिहाल जरूर ले जाएं, ताकि बच्चे दादा-दादी, नाना-नानी की कहानियों और परिवार के संस्कारों से जुड़ सकें।

बच्चों को दें नई आदतों का तोहफा

सीएम योगी ने बच्चों से छुट्टियों का सही इस्तेमाल करने को कहा। उन्होंने लिखा कि यह समय नई भाषा सीखने, फोटोग्राफी, पेंटिंग, कुकिंग, म्यूजिक और गार्डनिंग जैसे शौक पूरे करने का है। अच्छी किताबें पढ़कर भी छुट्टियों को यादगार बना सकते हैं।

मिट्टी से जुड़ेंगे तो पर्यावरण समझेंगे

पत्र में योगी ने अभिभावकों से बच्चों को प्रकृति के करीब लाने की अपील की। कहा कि बच्चों के साथ पौधे लगाएं और उनकी देखभाल की जिम्मेदारी उन्हें दें। घर और आसपास सफाई की आदत डलवाएं। सीएम ने लिखा, “जब बच्चे मिट्टी, पेड़ और पानी का महत्व समझेंगे, तभी उनमें पर्यावरण के प्रति संवेदनशीलता आएगी।”

दुधवा-कतर्निया घुमाएं, प्लास्टिक छोड़ें

सीएम ने सुझाव दिया कि बच्चों को दुधवा नेशनल पार्क, चूका बीच और कतर्निया घाट जैसी जगहों पर घुमाएं। इससे बच्चे प्रकृति की सुंदरता देखेंगे। साथ ही योगी ने प्लास्टिक मुक्त छुट्टियों का संकल्प लेने को कहा। यात्रा पर जूट या कपड़े के थैले इस्तेमाल करें और कचरा न फैलाएं।

छोटे प्रयास, बड़ा बदलाव

सीएम ने कहा कि अगर इन छुट्टियों में बच्चों को प्रकृति, संस्कृति और सेहत से जोड़ दिया जाए तो यह उनके जीवन की पूंजी बन जाएगी। छोटे कदम ही भविष्य का बड़ा बदलाव लाते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *