भिवानी: केंद्रीय ऊर्जा एवं आवासन मंत्री मनोहर लाल ने कहा कि देश में भले ही पेट्रोलियम पदार्थों की कमी हो जाए, लेकिन बिजली की कोई कमी नहीं होने दी जाएगी। वे रविवार को भिवानी के गांव पुर में सर्व कल्याण मंच हरियाणा के कार्यक्रम में बोल रहे थे।
बिजली उत्पादन का रखा लेखा-जोखा
मनोहर लाल ने बताया कि 21 मई को देश में अधिकतम 271 गीगावाट बिजली खर्च हुई, जबकि उत्पादन क्षमता 274 गीगावाट है। उन्होंने कहा कि अगले साल गर्मियों में बढ़ी मांग को देखते हुए 300 गीगावाट बिजली उत्पादन का लक्ष्य रखा गया है। सरकार लगातार उत्पादन और ट्रांसमिशन नेटवर्क को मजबूत कर रही है।
पेट्रोलियम बचाने की अपील
केंद्रीय मंत्री ने लोगों से पेट्रोलियम बचाने के लिए सार्वजनिक वाहनों का इस्तेमाल बढ़ाने को कहा। उन्होंने अपील की कि लोग रेल, मेट्रो और बसों से यात्रा करें। साथ ही कार पूलिंग को बढ़ावा दें ताकि विदेशी तेल पर निर्भरता कम हो सके। उन्होंने कहा कि इलेक्ट्रिक वाहनों और रसोई में बिजली के उपकरणों का इस्तेमाल बढ़ाना होगा। इससे पेट्रोलियम आयात घटेगा, विदेशी मुद्रा बचेगी और देश को आर्थिक मजबूती मिलेगी।
बेटियों को बांटी साइकिल, हॉल का किया शिलान्यास
कार्यक्रम में मनोहर लाल ने 33 गांवों की 104 बेटियों को निःशुल्क साइकिल वितरित की। उन्होंने गांव पुर में 90 लाख रुपये की लागत से बनने वाले मल्टीपर्पज हॉल और लाइब्रेरी का शिलान्यास भी किया।
इस मौके पर भिवानी-महेंद्रगढ़ सांसद धर्मबीर सिंह, हरियाणा विधानसभा के डिप्टी स्पीकर डॉ. कृष्णा मिढ्ढा और बवानीखेड़ा विधायक कपूर सिंह वाल्मीकि भी मौजूद रहे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने हिस्सा लिया।