Marco Rubio India Visit: वैश्विक संघर्षों और तनाव के बीच अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रूबियो शनिवार को नई दिल्ली पहुंचे। हैदराबाद हाउस में उनकी एक महत्वपूर्ण कूटनीतिक मुलाकात हुई। भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अमेरिका के नए विदेश मंत्री मार्को रुबियो का गर्मजोशी से स्वागत किया। दोनों नेताओं के बीच हुई यह भेंट भारत-अमेरिका के बीच रणनीतिक साझेदारी को नई ऊंचाई देने वाली साबित हुई।
प्रधानमंत्री मोदी ने ट्वीट कर कहा, “Happy to receive the US Secretary of State, Mr. Marco Rubio.” उन्होंने आगे लिखा कि दोनों देशों के बीच कंप्रीहेंसिव ग्लोबल साझेदारी को और मजबूत बनाने, क्षेत्रीय सुरक्षा और वैश्विक शांति के मुद्दों पर विस्तृत चर्चा हुई। यह मुलाकात ऐसे समय में हुई है जब विश्व कई चुनौतियों खासकर इंडो-पैसिफिक क्षेत्र में बढ़ते तनाव, ऊर्जा सुरक्षा, आतंकवाद और आर्थिक अनिश्चितता से जूझ रहा है।
इन क्षेत्रों में सहयोग पर सहमति
दोनों नेताओं ने भारत-अमेरिका के बीच प्रौद्योगिकी, रक्षा, व्यापार, स्वच्छ ऊर्जा और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर जोर दिया। मार्को रुबियो अमेरिकी सीनेट के प्रभावशाली सदस्य रह चुके हैं। वह भारत के साथ मजबूत संबंधों के पक्षधर रहे हैं। इस बैठक में QUAD, iCET और Indo-Pacific Economic Framework जैसे मंचों को और प्रभावी बनाने की दिशा में सहमति बनी।
PM मोदी ने दिया संदेश
प्रधानमंत्री मोदी का यह संदेश बहुत सशक्त था”भारत और अमेरिका वैश्विक भलाई के लिए हमेशा एकजुट होकर कार्य करते रहेंगे”…उनका यह वाक्य न केवल दोनों देशों के बीच गहरे विश्वास को दर्शाता है, बल्कि वैश्विक नेतृत्व की जिम्मेदारी को भी रेखांकित करता है। आज जब दुनिया बहुध्रुवीय हो रही है, भारत और अमेरिका का यह साझा प्रयास स्थिरता, समृद्धि और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए बेहद जरूरी है।
यह मुलाकात सिर्फ एक औपचारिक बैठक नहीं, बल्कि भविष्य की दिशा तय करने वाला कदम है। दोनों देश मिलकर जलवायु परिवर्तन, साइबर सुरक्षा और सप्लाई चेन मजबूती जैसे वैश्विक मुद्दों पर काम करेंगे। प्रधानमंत्री मोदी की इस कूटनीति से भारत की विश्व पटल पर बढ़ती छवि एक बार फिर स्पष्ट हो गई है।