नई दिल्ली: दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर बुधवार रात बड़ा हादसा टल गया। बेंगलुरु से दिल्ली आ रही एयर इंडिया की फ्लाइट AI-2802 के एक इंजन में आग लगने के बाद पायलटों ने इमरजेंसी लैंडिंग कराई। विमान में 171 यात्री सवार थे और सभी यात्री व क्रू सदस्य पूरी तरह सुरक्षित हैं।
घटना 21 मई 2026 को रात करीब 9:30 बजे की है। एयर इंडिया का एयरबस A320 विमान दिल्ली में लैंडिंग के लिए फाइनल अप्रोच पर था, तभी कॉकपिट क्रू को एक इंजन में आग लगने का इंडिकेशन मिला। क्रू ने तुरंत स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर का पालन किया और ATC को इमरजेंसी की सूचना दी।
विमान ने रात 9:35 बजे रनवे पर सुरक्षित लैंडिंग की। लैंडिंग के बाद विमान को रनवे से टोइंग व्हीकल की मदद से हटाया गया। इसके चलते करीब 48 मिनट तक रनवे पर विमानों का संचालन रुका रहा। रात 10:18 बजे रनवे को दोबारा ऑपरेशनल कर दिया गया।
एयर इंडिया ने की पुष्टि
एयर इंडिया के प्रवक्ता ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा, “हमें फ्लाइट AI-2802 से जुड़ी घटना की जानकारी है। एयरक्राफ्ट सुरक्षित लैंड हो गया है और सभी पैसेंजर व क्रू सुरक्षित हैं।”
एयरलाइन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर भी जानकारी दी। पोस्ट में लिखा गया, “दिल्ली में फाइनल अप्रोच के दौरान कॉकपिट क्रू को एक इंजन से आग लगने का इंडिकेशन मिला, जो बाद में सही पाया गया। क्रू ने SOP फॉलो की और विमान सुरक्षित उतरा। सभी यात्री सामान्य तरीके से विमान से उतर गए।”
जांच शुरू, DGCA को दी सूचना
एयर इंडिया ने बताया कि वह संबंधित रेगुलेटरी अथॉरिटी के साथ मिलकर घटना के कारणों की तुरंत जांच शुरू कर रहा है। DGCA को भी सूचना दे दी गई है। एयरलाइन ने कहा, “हमारे पैसेंजर और क्रू की सुरक्षा हमारी सबसे बड़ी प्राथमिकता है। वेरिफाइड जानकारी मिलते ही शेयर की जाएगी।”
बेंगलुरु में भी हुई थी घटना
गौरतलब है कि इसी दिन बेंगलुरु एयरपोर्ट पर एयर इंडिया के एक और विमान के साथ घटना हुई थी। एयर इंडिया के नैरो बॉडी A321 विमान की लैंडिंग के दौरान टेल रनवे से टकरा गई थी। दरअसल, विमान वेक टर्बुलेंस में फंस गया था, जिसके बाद पायलटों ने गो-अराउंड का फैसला लिया। इसी दौरान टेल स्ट्राइक हुई। हालांकि उस घटना में भी कोई हताहत नहीं हुआ।
टेल स्ट्राइक वाले विमान को दिल्ली आना था, लेकिन जांच के चलते फ्लाइट कैंसिल कर दी गई और यात्रियों को दूसरे विमान से दिल्ली भेजा गया।
एक ही दिन में एयर इंडिया के दो विमानों के साथ हुई घटनाओं के बाद एविएशन सेक्टर में सुरक्षा को लेकर फिर चर्चा तेज हो गई है। हालांकि राहत की बात यह रही कि दोनों मामलों में कोई जनहानि नहीं हुई।