5 देश 5 दिन: PM मोदी की यात्रा से भारत को मिली ‘गेमचेंजर’ डील, एनर्जी से रक्षा तक हुए बड़े समझौते

पीएम मोदी अपनी इटली की समकक्ष जॉर्जिया मेलोनी के साथ।

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपनी 5 दिवसीय विदेश यात्रा पूरी कर गुरुवार, 21 मई 2026 को तड़के भारत लौट आए। UAE, नीदरलैंड, स्वीडन, नॉर्वे और इटली के इस दौरे को कूटनीतिक लिहाज से ‘गेमचेंजर’ माना जा रहा है। इस यात्रा का मुख्य फोकस एनर्जी सिक्योरिटी, तकनीकी सहयोग, रक्षा साझेदारी और जलवायु परिवर्तन पर रहा।

UAE: रक्षा और तेल पर बड़ी डील
15 मई को यात्रा के पहले पड़ाव में PM मोदी अबू धाबी पहुंचे, जहां राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। दोनों देशों ने रक्षा संबंधों को नई ऊंचाई देते हुए ‘स्ट्रैटेजिक डिफेंस पार्टनरशिप फ्रेमवर्क’ पर हस्ताक्षर किए। पश्चिम एशिया में ऊर्जा संकट से निपटने के लिए UAE ने भारत के स्ट्रैटेजिक पेट्रोलियम रिजर्व में 3 करोड़ बैरल कच्चा तेल देने और LPG आपूर्ति का समझौता किया। साथ ही UAE ने भारतीय बाजारों में $5 बिलियन के निवेश पैकेज का ऐलान किया। होर्मुज जलडमरूमध्य से सुरक्षित आवाजाही पर भी सहमति बनी।

नीदरलैंड: सेमीकंडक्टर में बड़ी छलांग
नीदरलैंड दौरे में भारत-डच स्ट्रैटजिक पार्टनरशिप को अपग्रेड किया गया। सबसे बड़ी कामयाबी सेमीकंडक्टर सेक्टर में मिली। डच दिग्गज कंपनी ASML और टाटा इलेक्ट्रॉनिक्स के बीच भारत में सेमीकंडक्टर फैब्रिकेशन प्लांट लगाने को लेकर अहम डील हुई। इसके अलावा डच सरकार ने 11वीं सदी की चोल साम्राज्य की ताम्र पट्टिकाएं भी भारत को वापस सौंपीं।

स्वीडन: AI और टेक्नोलॉजी कॉरिडोर
दो दिन के स्वीडन दौरे में द्विपक्षीय संबंधों को ‘रणनीतिक साझेदारी’ के स्तर पर ले जाया गया। ‘संयुक्त नवाचार साझेदारी’ का दूसरा चरण शुरू किया गया और ‘भारत-स्वीडन प्रौद्योगिकी तथा AI गलियारा’ लॉन्च हुआ। दोनों देशों ने अगले पांच साल में द्विपक्षीय व्यापार को दोगुना करने का लक्ष्य रखा। PM मोदी ने स्वीडन की जनता और PM उल्फ क्रिस्टर्सन का आभार जताया।

नॉर्वे: ग्रीन एनर्जी पर फोकस
ऐतिहासिक नॉर्वे दौरे में भारत को आर्थिक, रणनीतिक और तकनीकी मोर्चों पर बड़ी उपलब्धियां मिलीं। दोनों देशों ने ‘ग्रीन स्ट्रैटेजिक पार्टनरशिप’ की घोषणा की। कुल 12 समझौतों पर हस्ताक्षर हुए जो ग्रीन हाइड्रोजन, पवन ऊर्जा, कार्बन कैप्चर तकनीक, ग्रीन शिपिंग और पोर्ट इंफ्रास्ट्रक्चर से जुड़े हैं। इसरो और नॉर्वे के बीच अंतरिक्ष के शांतिपूर्ण उपयोग पर भी विशेष समझौता हुआ।

इटली: 2025-29 का रोडमैप तैयार
यात्रा के आखिरी पड़ाव इटली में PM मोदी ने प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी से विला डोरिया पैम्फिली में मुलाकात की। दोनों नेताओं ने ‘संयुक्त रणनीतिक कार्य योजना 2025-29’ की प्रगति की समीक्षा की। व्यापार, निवेश, प्रौद्योगिकी, रक्षा, ब्लू इकोनॉमी, कनेक्टिविटी और शिक्षा के क्षेत्र में सहयोग गहरा करने पर सहमति बनी। जियो-पॉलिटिक्स पर भी चर्चा हुई।

कुल मिलाकर PM मोदी की यह 5 दिवसीय यात्रा ऊर्जा सुरक्षा से लेकर सेमीकंडक्टर और ग्रीन टेक्नोलॉजी तक भारत के लिए कई ‘गेमचेंजर’ समझौते लेकर आई है, जो वैश्विक मंच पर भारत की स्थिति और मजबूत करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *