Gold Rate: केंद्र सरकार द्वारा गोल्ड पर इंपोर्ट ड्यूटी दोगुना करते ही भारत में सोना और चांदी के दाम आसमान छूने लगे हैं। सरकार ने सोने पर आयात शुल्क को 5 प्रतिशत से बढ़ाकर 10 प्रतिशत कर दिया है। इसके साथ ही एग्रीकल्चर इंफ्रास्ट्रक्चर और डेवलपमेंट सेस (AIDC) भी लगाया जाएगा। इस फैसले से सोना और चांदी खरीदना अब और महंगा हो गया है। यह कदम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उस अपील के कुछ दिनों बाद उठाया गया है, जिसमें उन्होंने लोगों से एक साल तक सोना न खरीदने की अपील की थी।
बाजार में भारी उछाल
इंपोर्ट ड्यूटी बढ़ने की खबर आते ही बुधवार को घरेलू बाजार में कीमतें आसमान छू गईं। MCX पर सुबह 11:15 बजे तक सोने की कीमत 1,54,851 रुपये से बढ़कर 1,64,497 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गई। यानी एक ही दिन में प्रति 10 ग्राम 9,646 रुपये की भारी बढ़ोतरी दर्ज की गई, जो करीब 6 प्रतिशत की तेजी है। चांदी के दामों में भी उछाल आया। MCX पर चांदी 2,95,200 रुपये प्रति किलोग्राम तक पहुंच गई, जो पहले के मुकाबले 16,094 रुपये महंगी है। इसमें करीब 5.78 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई। बाजार विशेषज्ञों का मानना है कि आगामी दिनों में कीमतें और बढ़ सकती हैं।
सरकार ने क्यों लिया यह फैसला?
सरकार का मुख्य उद्देश्य विदेशी मुद्रा भंडार को बचाना और बढ़ती महंगाई को नियंत्रित करना है। ईरान-इजराइल युद्ध के कारण वैश्विक बाजार अस्थिर हैं, कच्चे तेल की कीमतें बढ़ रही हैं और डॉलर के मुकाबले रुपया कमजोर हो रहा है। सोना-चांदी का भारी आयात देश के ट्रेड डेफिसिट को बढ़ाता है, जिससे विदेशी मुद्रा भंडार पर दबाव पड़ता है।
असर क्या होगा?
इस फैसले से शादी-ब्याह और त्योहारों में गहनों की खरीदारी प्रभावित होगी। ज्वेलरी उद्योग को नुकसान का डर है, जबकि निवेशक Gold ETF और सॉवरेन गोल्ड बॉन्ड की तरफ रुख कर सकते हैं। आम उपभोक्ताओं पर महंगाई का अतिरिक्त बोझ पड़ेगा। सरकार का यह कदम आर्थिक स्थिरता के लिए जरूरी माना जा रहा है, लेकिन इससे तस्करी बढ़ने की आशंका भी जताई जा रही है। बाजार अब सरकार के अगले कदमों पर नजर रखे हुए है।