कोलकाता: पश्चिम बंगाल में 2026 विधानसभा चुनाव के बाद बड़ा राजनीतिक बदलाव देखने को मिला है। भारतीय जनता पार्टी के नेता शुभेंदु अधिकारी ने राज्य के पहले भाजपा मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। यह शपथ ग्रहण समारोह 9 मई को रवींद्र जयंती के दिन आयोजित किया गया, जिसमें प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी समेत कई बड़े नेता मौजूद रहे।
शपथ के बाद ठाकुरबाड़ी पहुंचे
शपथ ग्रहण के तुरंत बाद मुख्यमंत्री कोलकाता स्थित जोरासांको ठाकुरबाड़ी पहुंचे। यहां उन्होंने महान कवि और नोबेल पुरस्कार विजेता रबीन्द्रनाथ टैगोर को पुष्पांजलि अर्पित की और उन्हें श्रद्धांजलि दी। इस दौरान उन्होंने सांस्कृतिक सम्मान के तौर पर गीत भी गाया।
अब मैं सभी लोगों का हूं सीएम”
इसके बाद उन्होंने अपना पहला बयान देते हुए कहा कि यह दिन पश्चिम बंगाल और देश दोनों के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा, “कविगुरु को श्रद्धांजलि देने के बाद ही मेरा आधिकारिक कामकाज शुरू होगा। हमारी सरकार राज्य को फिर से मजबूत बनाने के लिए काम करेगी।
हम पहले जोरासांको ठाकुरबाड़ी जाकर नमन करेंगे और उसके बाद ही औपचारिक रूप से काम शुरू करेंगे। मैं अब सभी लोगों का मुख्यमंत्री हूं। मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि उनकी प्राथमिकता राज्य को विकास की नई दिशा देना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार शिक्षा, रोजगार और बुनियादी ढांचे पर विशेष ध्यान देगी ताकि पश्चिम बंगाल को फिर से प्रगति की राह पर लाया जा सके।
स्वामी विवेकानंद का किया जिक्र
अपने संबोधन में उन्होंने स्वामी विवेकानंद का जिक्र किया और उनके शब्द “चरैवेति, चरैवेति” (चलते रहो, चलते रहो) को दोहराया। उन्होंने लोगों से नए बंगाल के निर्माण में साथ आने की अपील की और कहा कि राज्य को मजबूत बनाना उनकी सबसे बड़ी जिम्मेदारी है।
उन्होंने यह भी कहा कि जो लोग अभी भी चुनाव परिणामों पर चर्चा कर रहे हैं, उन्हें आगे बढ़कर सकारात्मक सोच अपनानी चाहिए। उन्होंने कहा कि अब समय है विकास और स्थिरता की दिशा में काम करने का। रिपोर्ट के अनुसार, पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में बीजेपी ने 207 सीटें जीतकर बहुमत हासिल किया, जबकि ऑल इंडिया तृणमूल कांग्रेस को 80 सीटें मिलीं।