नई दिल्ली: मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोमवार को उत्तर दिल्ली स्थित आजादपुर मंडी के पास चल रहे विकास कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने खुले नालों और खराब स्वच्छता व्यवस्था पर नाराज़गी जताते हुए संबंधित अधिकारियों को फटकार लगाई।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने दिल्ली मेट्रो, लोक निर्माण विभाग (PWD) और दिल्ली नगर निगम (MCD) के अधिकारियों के साथ आजादपुर क्षेत्र के गुप्ता मार्केट, आजादपुर चौक और त्रिपोलिया चौक सहित आसपास के इलाकों में चल रहे कार्यों का जायजा लिया और विस्तृत प्रगति रिपोर्ट मांगी।
विकास कार्यों में लापरवाही नहीं बर्दाश्त
मुख्यमंत्री ने अव्यवस्था और सफाई की कमी देखकर स्पष्ट कहा कि विकास कार्यों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने जोर दिया कि काम केवल कागजों में नहीं बल्कि ज़मीन पर दिखाई देना चाहिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार दिल्लीवासियों के लिए बेहतर बुनियादी ढांचा और सुविधाएं विकसित करने के लिए “मिशन मोड” में काम कर रही है। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि सभी विभाग स्थानीय लोगों की आवाजाही और सुविधाओं को प्राथमिकता देते हुए तय समयसीमा में, पूरी पारदर्शिता और गुणवत्ता के साथ कार्य पूरा करें।
साफ-सफाई और कूड़ा प्रबंधन का दिया निर्देश
उन्होंने अधिकारियों को साफ-सफाई, कूड़ा प्रबंधन और समग्र व्यवस्था में सुधार के लिए भी निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, गति और नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने के उपायों पर विस्तृत चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने PWD अधिकारियों को निर्देश दिया कि आजादपुर, आदर्श नगर और त्रिपोलिया चौक में नए मास्टर प्लान के तहत जल निकासी प्रणाली का पुनर्निर्माण किया जाए और नालों की तुरंत सफाई कर जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान सुनिश्चित किया जाए। साथ ही, उन्होंने मेट्रो निर्माण कार्यों की तकनीकी और संरचनात्मक स्थिति की भी समीक्षा की।