ट्रंप ने किया अमेरिका और ईरान के बीच 2 हफ्ते के युद्ध विराम का ऐलान, जानें ईरान ने रखीं क्या शर्तें?

Iran US Ceasefire: अमेरिका और ईरान के बीच करीब 40 दिनों तक चले भीषण युद्ध के बाद आखिरकार युद्धविराम हो गया है। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अगले 2 हफ्तों तक ईरान पर हमला नहीं करने की घोषणा की है। इस सीजफायर को दोनों देशों ने अपने-अपने तरीके से पेश किया है।

ट्रंप का बयान सैन्य कार्रवाई रोकी

डोनाल्ड ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ और फील्ड मार्शल आसिम मुनीर ने उनसे अनुरोध किया था कि ईरान के खिलाफ भेजी जा रही सैन्य कार्रवाई को रोका जाए। उन्होंने कहा कि ईरान होर्मुज जलडमरूमध्य को तत्काल और सुरक्षित रूप से खोलने के लिए सहमत हुआ है। इसी आधार पर अमेरिका ने 2 हफ्तों के लिए बमबारी और हमले रोकने का फैसला किया है। ट्रंप के अनुसार, यह एक द्विपक्षीय युद्धविराम है और अमेरिका अपने सभी सैन्य उद्देश्यों को हासिल कर चुका है। उन्होंने यह भी कहा कि ईरान के साथ दीर्घकालिक शांति समझौते को लेकर काफी प्रगति हो चुकी है।

ईरान का बयान: 10 शर्तों पर बनी बात

ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने इस सीजफायर को अपनी शर्तों पर आधारित बताया है। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान के नेतृत्व ने युद्ध समाप्त करने में अहम भूमिका निभाई। अराघची के अनुसार, अगर ईरान पर हमले रोके जाते हैं तो ईरान की सशस्त्र सेनाएं भी अपनी रक्षात्मक कार्रवाई बंद कर देंगी। साथ ही अगले दो हफ्तों तक होर्मुज जलडमरूमध्य से सुरक्षित आवाजाही संभव होगी।

ईरान ने अमेरिका के सामने 10 प्रमुख शर्तें रखी हैं

  1. ईरान के खिलाफ आगे कोई आक्रामक कार्रवाई न हो
  2. होर्मुज जलडमरूमध्य पर ईरान का नियंत्रण जारी रहे
  3. ईरान के यूरेनियम संवर्धन कार्यक्रम को मान्यता दी जाए
  4. सभी प्राथमिक प्रतिबंध हटाए जाएं
  5. सभी द्वितीयक प्रतिबंध समाप्त किए जाएं
  6. संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के सभी प्रस्ताव खत्म किए जाएं
  7. IAEA बोर्ड ऑफ गवर्नर्स के प्रस्ताव समाप्त किए जाएं
  8. युद्ध में हुए नुकसान का मुआवजा अमेरिका दे
  9. मिडिल ईस्ट से अमेरिकी सैन्य बलों की वापसी हो
  10. सभी मोर्चों पर युद्ध का अंत हो, जिसमें लेबनान में हिज़्बुल्लाह से जुड़े संघर्ष भी शामिल हैं

फिलहाल यह युद्धविराम 2 हफ्तों के लिए लागू रहेगा। इस दौरान दोनों देश समझौते को अंतिम रूप देने की कोशिश करेंगे। अब यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि यह अस्थायी सीजफायर स्थायी शांति में बदलता है या नहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *