नई दिल्ली: केंद्रीय मंत्रिमंडल ने जयपुर मेट्रो परियोजना के दूसरे चरण (फेज-2) को मंजूरी दे दी है। यह निर्णय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हुई बैठक में लिया गया। केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने प्रेस वार्ता में इसकी जानकारी दी। इस परियोजना के तहत लगभग 41 किलोमीटर लंबा उत्तर-दक्षिण कॉरिडोर विकसित किया जाएगा, जिसमें कुल 36 स्टेशन बनाए जाएंगे। इसकी कुल लागत 13,037.66 करोड़ रुपये से अधिक आंकी गई है। यह कॉरिडोर प्रह्लादपुरा से टोड़ी मोड़ तक फैला होगा।
किन क्षेत्रों को मिलेगा लाभ
मेट्रो का यह चरण सीतापुरा औद्योगिक क्षेत्र, वीकेआईए, जयपुर हवाई अड्डा, टोंक रोड, एसएमएस अस्पताल व स्टेडियम, अंबाबाड़ी और विद्याधर नगर जैसे प्रमुख क्षेत्रों को जोड़ेगा। इससे यात्रियों को तेज और सुगम आवागमन की सुविधा मिलेगी।
परियोजना का कार्यान्वयन राजस्थान मेट्रो रेल निगम लिमिटेड द्वारा किया जाएगा, जो केंद्र और राज्य सरकार का संयुक्त उपक्रम है। हवाई अड्डा क्षेत्र में भूमिगत स्टेशन भी बनाए जाएंगे।
शहर के विकास को बढ़ावा
सरकार के अनुसार, इस परियोजना से जयपुर में ट्रैफिक दबाव कम होगा और शहरी परिवहन व्यवस्था बेहतर होगी। साथ ही, यह परियोजना शहर के आर्थिक और बुनियादी ढांचे के विकास में महत्वपूर्ण योगदान देगी।