गोरखपुर: सीएम योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को गोरखनाथ मंदिर में आयोजित ‘जनता दर्शन’ कार्यक्रम के दौरान लोगों की समस्याएं सुनीं और उनके समाधान का भरोसा दिया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने जरूरतमंदों को आवास उपलब्ध कराने और गंभीर बीमारियों से जूझ रहे लोगों के इलाज के लिए आर्थिक सहायता देने का आश्वासन दिया। मुख्यमंत्री ने ‘जनता दर्शन’ में पहुंचे लगभग 100 फरियादियों से एक-एक कर मुलाकात की। उन्होंने सभी की समस्याएं ध्यानपूर्वक सुनीं और उनके प्रार्थना पत्र स्वीकार किए।
अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश
सीएम योगी आदित्यनाथ ने संबंधित प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे सभी शिकायतों का समयबद्ध, निष्पक्ष और प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित करें। पुलिस से जुड़े मामलों में उन्होंने त्वरित और कड़ी कार्रवाई के निर्देश भी दिए।
आवास योजना के तहत मदद का आश्वासन
कार्यक्रम के दौरान एक महिला ने आवास की समस्या रखी, जिस पर मुख्यमंत्री ने आश्वस्त किया कि उसे सरकार की आवास योजना का लाभ दिलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि हर पात्र व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है।
बीमारों के इलाज में नहीं होगी बाधा
गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए आर्थिक सहायता मांगने आए लोगों को मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि धन की कमी के कारण किसी का इलाज नहीं रुकेगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि मरीजों के इलाज का पूरा खर्च तैयार कर शासन को भेजा जाए, ताकि समय पर सहायता उपलब्ध कराई जा सके। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार हर जरूरतमंद व्यक्ति तक कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने और उनकी समस्याओं का प्रभावी समाधान करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।