Delhi weather update: दिल्ली-एनसीआर में रविवार सुबह हुई बारिश से लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिली। कई इलाकों में सुबह से ही बादल छाए रहे और बारिश का दौर चला। बारिश के बाद मौसम सुहाना हो गया। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक, राजधानी में अगले दो दिनों तक मौसम का मिजाज बदला हुआ रह सकता है। सोमवार और मंगलवार को भी कई इलाकों में हल्की बारिश या बूंदाबांदी होने की संभावना है।
सोमवार और मंगलवार को भी बारिश के आसार
मौसम विभाग के अनुसार रविवार को दिल्ली में आसमान में बादल छाए रहने की संभावना है। सुबह से दोपहर के बीच कुछ स्थानों पर बहुत हल्की से हल्की बारिश हो सकती है। इसके बाद सोमवार और मंगलवार को भी दिल्ली-एनसीआर के अलग-अलग हिस्सों में बारिश या बूंदाबांदी देखने को मिल सकती है। हालांकि, 26 से 28 अगस्त के बीच राजधानी क्षेत्र में मौसम अपेक्षाकृत शुष्क रहने का अनुमान है। इस दौरान बारिश की गतिविधियां कम हो सकती हैं।
19 राज्यों में बारिश को लेकर अलर्ट
दिल्ली-एनसीआर के अलावा देश के कई हिस्सों में भी बारिश का असर बना हुआ है। मौसम विभाग ने रविवार को 19 राज्यों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। उत्तर प्रदेश के कई शहरों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। वहीं पहाड़ी राज्यों में आंधी-तूफान के साथ तेज बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
35 डिग्री तक पहुंच सकता है तापमान
रविवार को दिल्ली में अधिकतम तापमान 33 से 35 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। न्यूनतम तापमान 24 से 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। शनिवार को भी राजधानी के कई हिस्सों में हल्की बारिश हुई थी, लेकिन दिनभर तेज बारिश नहीं हुई।
सफदरजंग में शनिवार को अधिकतम तापमान 35.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से एक डिग्री अधिक था। न्यूनतम तापमान 25.3 डिग्री सेल्सियस रहा।
बारिश के बाद दिल्ली की हवा हुई बेहतर
बारिश का असर दिल्ली की वायु गुणवत्ता पर भी देखने को मिला। शनिवार को राजधानी का AQI 117 दर्ज किया गया, जो ‘मध्यम’ श्रेणी में रहा। बारिश के बाद हवा में मौजूद धूल और प्रदूषण के कण कम होने से वायु गुणवत्ता में सुधार देखने को मिला।
अगस्त में औसत से ज्यादा बारिश
दिल्ली में इस बार अगस्त के दौरान बारिश का आंकड़ा भी सामान्य से ऊपर पहुंच गया है। सफदरजंग ऑब्जर्वेटरी में 21 अगस्त तक 235.3 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। अगस्त महीने में दिल्ली की औसत बारिश 233.1 मिलीमीटर है।
हालांकि, अगस्त की शुरुआत में बारिश के आंकड़ों को लेकर संशोधन किया गया था। IMD ने पहले बताया था कि महीने की शुरुआत में ही दिल्ली ने औसत मासिक बारिश का आंकड़ा पार कर लिया है। बाद में आंकड़ों की प्रविष्टि में हुई गलती सामने आने के बाद एक तारीख के आंकड़े में संशोधन किया गया। संशोधित आंकड़ों के बाद उस समय दिल्ली औसत मासिक स्तर से नीचे थी। अब 21 अगस्त तक दर्ज बारिश के आधार पर राजधानी ने अगस्त की औसत बारिश का आंकड़ा पार कर लिया है।