लखनऊ: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी और उसके प्रमुख अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला है। रविवार को एक कार्यक्रम में सीएम योगी ने दावा किया कि अगले विधानसभा चुनाव में प्रदेश की जनता समाजवादी पार्टी को हमेशा के लिए ‘साफ’ कर देगी। उन्होंने सपा पर गरीबों को अपने एजेंडे में जगह नहीं देने और परिवार के हितों को प्रदेश के हित से ऊपर रखने का आरोप लगाया।
रसोइयों के लिए सीएम योगी ने की कई घोषणाएं
मुख्यमंत्री मध्याह्न भोजन योजना के रसोइयों के सम्मान समारोह और कैशलेस चिकित्सा सुविधा के कार्ड वितरण कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने रसोइयों के लिए कई घोषणाएं कीं। सीएम योगी ने कहा कि दुर्घटना की स्थिति में रसोइयों को दो लाख रुपये की सहायता दी जाएगी। इसके साथ ही पांच लाख रुपये तक के कैशलेस इलाज की सुविधा मिलेगी। उन्होंने रसोइयों को साड़ी के लिए मिलने वाली राशि को 500 रुपये से बढ़ाकर 1,000 रुपये करने की भी घोषणा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार सरकारी प्राथमिक विद्यालयों में भोजन तैयार करने वाले रसोइयों को सामाजिक सुरक्षा की गारंटी देने के लिए काम कर रही है।
गरीबों को लेकर सपा पर साधा निशाना
सीएम योगी ने समाजवादी पार्टी पर हमला बोलते हुए कहा कि गरीबों के लिए ये काम पहले भी किए जा सकते थे, लेकिन पिछली सरकार के एजेंडे में गरीब कोई मुद्दा ही नहीं था। उन्होंने अखिलेश यादव के एक बयान का जिक्र करते हुए सपा प्रमुख पर तंज कसा।
योगी ने कहा कि अखिलेश यादव ने अपने परिवार के कई लोगों के सांसद होने की बात कही है। इस पर उन्होंने कहा कि सपा परिवार के लोगों के सांसद होने की वजह से नहीं, बल्कि जनता के फैसले से बनी रहेगी। मुख्यमंत्री ने दावा किया कि अगले चुनाव में जनता सपा को हमेशा के लिए साफ कर देगी।
अखिलेश की दिनचर्या पर भी कसा तंज
मुख्यमंत्री योगी ने अखिलेश यादव की दिनचर्या को लेकर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जब कोई दोपहर 12 बजे सोकर उठे, दो बजे तक तैयार हो, शाम पांच बजे व्यायामशाला जाए और फिर महफिल जमाए, तो उसके पास प्रदेश के लिए समय कहां से होगा। सीएम योगी ने कहा कि उनकी सरकार जनता की समस्याओं के समाधान और प्रदेश के विकास के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य हर वर्ग को आगे बढ़ाना है।
2017 से पहले की कानून-व्यवस्था का किया जिक्र
सीएम योगी आदित्यनाथ ने सपा शासन के दौरान प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि 2017 से पहले गरीबों की जमीनों पर कब्जे होते थे, बेटियों की सुरक्षा खतरे में रहती थी और प्रदेश में दंगे आम बात थे। मुख्यमंत्री ने दावा किया कि अब उत्तर प्रदेश दंगा और कर्फ्यू मुक्त हो चुका है। उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था में सुधार होने से प्रदेश में विकास को रफ्तार मिली है।
ऑपरेशन कायाकल्प से स्कूलों में बदलाव का दावा
मुख्यमंत्री योगी ने बेसिक शिक्षा के क्षेत्र में हुए बदलावों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि 2017 से पहले बेसिक शिक्षा परिषद के कई स्कूल बदहाल और वीरान नजर आते थे। अब ऑपरेशन कायाकल्प के तहत 19 मानकों के आधार पर स्कूलों में सुविधाएं विकसित की जा रही हैं।